इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत महानेपुरा निवासी एक महिला की उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर सही इलाज नहीं कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महानेपुरा निवासी मूरत कुमार की चार वर्ष पूर्व अयाना औरैया गांव के छेदीलाल की बेटी अंजू से हुई थी। गत लगभग दो माह से अंजू की तबीयत खराब थी। उसका इलाज आगरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। ससुरालीजन शव को लेकर घर महानेपुरा पहुंचे। यह जानकारी होने पर मायके वालों ने पुलिस को सूचना दे दी। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता छेदीलाल ने ससुराल पक्ष पर बेटी का उचित इलाज न कराने का आरोप लगाया। वहीं बहन ने भी ससुराल पक्ष पर ही हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह इलाज के दौरान उनके साथ थी, लेकिन ससुरालीजनों ने उनका इलाज अच्छे अस्पताल में नहीं करवाया। इस कारण उसकी मौत हो गई। उधर, ससुराल पक्ष का यह कहना है कि उन्होंने अपनी बहू का इलाज गांव से लेकर बड़े अस्पताल तक करवाया है। जब उसकी मौत हुई तब भी वह एक प्राइवेट बड़े हॉस्पिटल में भर्ती थी। मृतका के पिता ने तहरीर देकर इलाज में लापरवाही का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया था। थाना प्रभारी मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।