{"_id":"d7b765806971109e019b36f8453efaa7","slug":"aasman-chhu-lo-agar-tum-to-bhool-mat-jana-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"आसमां छू लो अगर तुम तो भूल मत जाना...","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आसमां छू लो अगर तुम तो भूल मत जाना...
ब्यूरो अमर उजाला इटावा
Updated Fri, 13 Feb 2015 12:00 AM IST
विज्ञापन
नगर पालिका परिषद ने बुधवार रात को आर्य श्यामा बालिका इंटर कालेज में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन कराया। यहां सामाजिक कार्य करने वालों को अवध नारायण सिंह यादव स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। कवि सम्मेलन का उद्घाटन डीएम नितिन बंसल ने किया। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया।
विज्ञापन
इसके बाद कवयित्री अना देहलवी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद सिकंदरा आगरा से आए गीतकार विष्णु सक्सेना ने आसमां छू लो अगर तुम तो भूल मत जाना, ये हिंडोला गुरूर का है झूल मत जाना, करो भला जो किसी का तो याद मत रखना, करे तुम्हारा भला उसको भूल मत जाना, सुनाकर श्रोताओं को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
विज्ञापन
कोटा से आए कवि कुंवर जावेद ने गजल सुनाई कि जहर क्या चीज है, अमृत का प्याला क्या है, मस्जिदें होती हैं क्या शिवाला क्या है, मन को जब मैने मेरे देश के आंगन में रखा तब समझ में आया कि उजाला क्या है...। दिल्ली से आए एसयू जफर ने पढ़ा कि नए आए हैं तेरी अंजुमन में, अभी पैरों को मखमल काटता है।
विज्ञापन
भरथना के कवि व गजलकार अशोक यादव ने भूख लगती तो निवाला तलाश लेता हूं, अपने अंदर ही शिवाला तलाश लेता हूं। घेर लेता है मुझे जब भी अंधेरा यारो मां के आंचल में उजाला तलाश लेता हूं सुनाकर तालियां बटोरीं। कवि सम्मेलन में हास्य कवि लटूरी सिह लट्ठ एवं मैनपुरी से आए हास्य कवि विनोद राजयोगी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को लोटपोट कर दिया।
कवि अनिल दीक्षित, रौनक इटावी आदि अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। इस मौके पर विधायक प्रदीप यादव, पूर्व संासद प्रेमदास कठेरिया, सुखदेवी वर्मा, महावीर सिह चौघरी, कृष्णमुरारी गुप्ता, मनोज यादव बंटी, चेयरमैन प्रतिनिधि अजय यादव, नगरपालिका अध्यक्ष रंजना यादव, डा. ईश्वरी प्रसाद पांडेय, ओपी दीक्षित, एसडीएम ईश्वर चंद्र आदि मौजूद रहे। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता श्रीभगवान पारेवाल ने की तथा कवि सम्मेलन का संचालन डॉ. सुनील जोगी ने किया।
इन्हें मिला सम्मान
कवि सम्मेलन के मंच पर सामाजिक रूप से उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। डीएम समेत विधायक प्रदीप यादव, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, सुखदेवी वर्मा, कृष्ण मुरारी गुप्ता आदि ने वॉलीबाल खिलाड़ी अवनीश यादव, डा. विष्णु सक्सेना, सुनील योगी, पत्रकार अरुण दुबे, चिकित्सक डॉ. आईपी पांडेय, साहित्यकार अनिल दीक्षित, शिक्षाविद् वीरेंद्र सिंह चौहान को अवध नारायण सिंह यादव स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।