{"_id":"ba56fb073e8e181fb88a102def8f8ab0","slug":"126-plans-jaswantnagar-gift-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जसवंतनगर को 126 योजनाओं की सौगात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जसवंतनगर को 126 योजनाओं की सौगात
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Sat, 04 Jul 2015 11:23 PM IST
विज्ञापन
लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को जसवंतनगर के रायनगर और बलरई में लगभग 1.15 अरब रुपये की 126 योजनाओं का लोकार्पण और 44 शिलान्यास किया।
विज्ञापन
बलरई क्षेत्र के फकीरे की मड़ैया के पास यमुना नदी पर बने पुल का लोकार्पण करने के बाद जनसभा में उन्होंने कहा कि इस पुल से आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को लाभ होगा।
विज्ञापन
सभा में उन्होंने कहा कि यहां से इटावा जिला मुख्यालय 40 किलोमीटर और आगरा जिला मुख्यालय 80 किलोमीटर दूर है। तभी यहां के ग्रामीण इटावा में शामिल रहना चाहते हैं। ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने शीघ्र इस संबंध में शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
इस मौके पर पंजीयन मंत्री महेंद्र अरिदमन सिंह ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री ने यमुना पुल के जरिये दो जिलों को ही नहीं जोड़ा है बल्कि दो जनपदों के लोगों के दिलों को भी जोड़ा है। उन्होंने कहा कि इस पुल से दोनों ही ओर के नागरिकों को लाभ होगा। शादी विवाह इस पार से उस पार होने लगेंगे।
विधायक रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव इस प्रदेश के विश्वकर्मा है। जन सभा के दौरान कई लोगों ने लोक निर्माण मंत्री से लेखपालों आदि की शिकायतें भी की। इस पर उन्होंने कहा कि अभी लिखकर दे दो कल तक जांच कराके निलंबित करा देंगे।
उन्होंने कहा कि अगर किसी नेता या अधिकारी ने राहत कार्यों मे कोई गड़बड़ी की तो शिकायत करें, उसे जेल भिजवाएंगे। इस दौरान इटावा व आगरा जनपद के ग्रामीणों ने उनका माला पहनाकर व शॉल उढ़ाकर जोरदार स्वागत किया।
सभा में डा. बृजेश यादव, महावीर सिंह यादव, राहुल गुप्ता, आशीष राजपूत, गजेंद्र सिंह, सौदान सिंह, अशोक क्रांतिकारी, आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राम नरेश राजपूत ने और अध्यक्षता ठा. मकरंद सिंह ने की।
‘सौतेला व्यवहार कर रहा केंद्र’
रायनगर में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र सहित अन्य योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र सरकार को खरी-खरी सुनाई। आरोप लगाया कि प्रदेश के साथ केंद्र सौतेला व्यवहार कर रहा है। सभा में उन्होंने अच्छे भविष्य के लिए नौजवानों को मन लगाकर पढ़ने की सलाह भी दी।
शिलान्यास के बाद आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि प्रदेश को 6000 मेगावाट बिजली केंद्र से मिलनी चाहिए लेकिन दी जा रही है महज 4000 मेगावाट। इससे पूर्व बलरई की सभा में भी उन्होंने केंद्र पर उपेक्षा के आरोप लगाए। कहा कि प्रदेश में भाजपा के 80 में से 73 सांसद हैं लेकिन इसके बावजूद भयंकर सूखे में प्रदेश को कोई धन नहीं दिया गया।
रायनगर में मुख्यमंत्री के ऊर्जा सलाहकार कृपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजना है कि जून 2016 तक प्रदेश में अनवरत विद्युत आपूर्ति कर दी जाए। इस पर अमल करते हुए प्रदेश के बिजली घरों की क्षमता बढ़ाने जा रही है। 600 नये बिजलीघर भी बनाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस क्षेत्र में विद्युत वोलटेज कम होने की जो समस्याएं हैं, उन्हें गांव-गांव जाकर ठीक करें। चेतावनी दी कि 15 दिन के अंदर ये शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए।
सभा में अशोक यादव, अनिल प्रताप सिंह यादव, किशन मुरारी गुप्ता, सुभाष गुप्ता, अजेन्द्र गौर, आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष राम नरेश यादव और अध्यक्षता माध्यमिक शिक्षा सेवा आयोग के पूर्व सदस्य महाराज सिंह यादव ने की।