Etah News: बुखार से महिला की मौत, दो व्यक्तियों को निकला डेंगू; डॉक्टरों के कक्षों के बाहर लगी मरीजों की भीड़
एटा में बुखार से महिला की मौत हो गई। दो व्यक्तियों को डेंगू निकला है। डॉक्टरों के कक्षों के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा में बुधवार को बुखार से एक महिला की मौत हो गई। जबकि, चार व्यक्तियों को डेंगू की पुष्टि हुई है। पर्चा काउंटर से लेकर मेडिसिन विभाग तक मरीजों की भीड़ जमा रही। डॉक्टर ने सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी है। 270 से 280 तक बुखार के पीड़ित रहे।
रिजोर निवासी चरन सिंह की 20 वर्षीय पत्नी सुमित्रा को तीन दिन से बुखार आ रहा था। चरन सिंह ने बताया कि गांव में चिकित्सक से दवा ली, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मंगलवार की शाम को चिकित्सक ने ड्रिप लगाई, उससे भी कोई लाभ नहीं मिला। बुधवार की सुबह हालत बिगड़ने पर उसे लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मृत बता दिया।
वहीं, 52 वर्षीय लक्ष्मी देवी को डेंगू के चलते मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया। इसके अलावा कासगंज जनपद के सिढ़पुरा निवासी सत्यभान को जांच में मलेरिया निकला। वहीं बुधवार को मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में 480 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया 270 से 280 तक बुखार के मरीज रहे। अधिकांश वायरल बुखार से ग्रसित हैं।
पर्चा काउंटर पर हुई धक्का-मुक्की
बुधवार को भीड़ का आलम यह था कि पर्चा काउंटर पर लगी महिलाओं सहित पुरुषों की लाइन गेट के बाहर तक आ गई। कुछ लोग साइड से पर्चा बनवाने का प्रयास कर रहे थे। ऐसे में वहां धक्का-मुक्की हो गई। बाद में गार्डों से व्यवस्था को संभाला। ऐसी ही स्थिति मेडिसिन विभाग की रही। चिकित्सक काे दिखाने को लेकर दो युवक आपस में भिड़ गए। बाद में लोगों ने समझाकर उन्हें शांत किया।
बचाव के सभी इंतजाम
बुखार के प्रकोप को लेकर सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया मौसम में बदलाव होने के कारण लोग वायरल बुखार के मामले ज्यादा आ रहे हैं। जांच में बुखार पीड़ितों को मलेरिया व डेंगू निकल रहा है। वायरल बुखार में व्यक्ति पैरासिटामॉल का सेवन करता रहे। अधिक मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करे। बिना चिकित्सक को दिखाए दवा का सेवन न करें। बताया डेंगू वार्ड बने हैं। टीमें गांव में पहुंंच शिविर लगा रहीं हैं।