एटा। जिले में भी पेट्रोल 100 के पार पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को इसकी दर 100.40 रुपये प्रति लीटर हो गई। पंप पर पहुंचने वाले ग्राहक दाम देखकर चौंकते रहे। इसके साथ ही डीजल पर 35 पैसे और घरेलू गैस सिलिंडर में 15 रुपये बढ़ोतरी से भी उपभोक्ताओं पर महंगाई की मार पड़ी है। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है, जो लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। बृहस्पतिवार को 29 पैसे की वृद्धि के साथ कीमत 100.40 रुपये प्रति लीटर हो गई। पेट्रोल पर महंगाई के चलते आम दोपहिया वाहन चालकों के लिए संघर्ष की स्थिति बनी हुई है।
उनका कहना है कि आय की स्थिति बराबर है या कोरोना काल में घटी ही है, लेकिन पेट्रोल महंगा होने से खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में बजट का संतुलन बनाना मुश्किल होता जा रहा है। डीजल के मूल्य में वृद्धि से भी भाड़े पर असर पड़ा है। बृहस्पतिवार को डीजल की दर 92.26 रुपये प्रति लीटर रही। उधर, घरेलू गैस के दाम बढ़ने से आम लोग सीधे-सीधे प्रभावित हुए हैं। पहले सिलिंडर 914 रुपये का मिल रहा था, जो बृहस्पतिवार से 929 रुपये हो गया है। एक पेट्रोल पंप मैनेजर प्रशांत सिंह ने बताया कि 100 के पार पेट्रोल पहली बार पहुंचा है। डीजल भी 92 पार पहुंच गया है। कंपनी की ओर से हर रोज रेट निर्धारित किए जाते हैं।