एटा। विशाखापट्टनम में शहर के भगीपुर निवासी किशन की किडनी निकाले जाने के खुलासे के बाद दो और पीड़ित सामने आए हैं। दिल्ली और जौनपुर के दो युवक कोतवाली नगर पुलिस के संपर्क में आए, जिनका मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। जौनपुर निवासी युवक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उसने अपनी सिलाई मशीन सामान बेचने के लिए फेसबुक पर पोस्ट डाली थी।
उज्ज्वल नाम के एक युवक ने संपर्क किया। सामान विशाखपट्टनम पहुंचाने के लिए पांच लाख रुपये का सौदा हुआ। इस पर वह विशाखापट्टनम पहुंचा। वहां उसे श्रीलेखा लॉज में माधव मिला और फुल बॉडी चेकअप कराने की बात कही। इस दौरान बेहोश कर किडनी निकाल ली गई। होश आने पर उसे किडनी निकालने के बारे में जानकारी दी गई। इसके लिए उसे 2.30 लाख रुपये दिए गए। बाद में और रुपये देने को कहा। युवक ने बताया कि वहां उसे दिल्ली निवासी एक युवक राम भी मिला। उसने भी किडनी निकाले जाने की जानकारी दी। यह भी कहा कि उसे रुपये नहीं मिले। जौनपुर के युवक ने बताया कि एटा के किशन की किडनी निकाले जाने की खबर ‘अमर उजाला’ पढ़ी तो राम को जानकारी दी। जिस पर राम एटा कोतवाली नगर आया। उसने पुलिस को मेरा नाम बता दिया। पुलिस नोएडा के सेक्टर 40 से मुझको पूछताछ के लिए यहां ले आई। एएसपी धनंजय कुशवाह ने बताया कि जिन पीड़ितों को जानकारी मिल रही है और आ रहे हैं, उन्हें हम इस केस में शामिल कर रहे हैं। उन्हें अपने से संबंधित थानों में भी रिपोर्ट दर्ज करानी चाहिए।