एटा। जिले के खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा निखर नहीं पा रही, निखरे भी तो कैसे अभ्यास के लिए साधन तक उपलब्ध नहीं हैं। स्टेडियम से भी जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। अपने खर्च से साधन जुटा कर अभ्यास करना पड़ रहा है। जीटी रोड स्थित पंडित गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम में खेलकूद का सामान नहीं है। जिससे खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। कुछ खिलाड़ी अपने रुपये खर्च कर सामान खरीदकर खेल रहे हैं तो कुछ मायूस लौट जाते हैं।
खिलाड़ियों का कहना है कि स्टेडियम में सामान न होने की वजह से अभ्यास करने में काफी परेशानी आती है। स्टेडियम में क्रिकेट के अभ्यास के लिए घर से बैग में गेंद, बल्ला, पैड आदि सामान लेकर आना पड़ता है। भारी-भरकम बैग उठाने में भी काफी दिक्कत होती है। यहां तक कि पिच को दुरुस्त करने के लिए रोलर भी हम लोगों को ही चलाना पड़ता है।