एटा। देवोत्थान एकादशी पर बुधवार को घर-घर में देव जागेंगे। शाम घरों में तुलसी और शालिग्राम का विवाह समारोह होगा। इसके साथ ही शादी-समारोह सहित शुभ मुहूर्त की शुरूआत हो जाएगी। कोरोना संक्रमण काल में लोग लंबे समय से देवोत्थान एकादशी का इंतजार कर रहे हैं, जिससे अपने परिवार में आयोजित होने वाले शुभ कार्यों को संपादित कर सकें।
इस दिन लोग गृह प्रवेश और दुकान का शुभारंभ भी करेंगे। देवोत्थान एकादशी पर आज गांव देहात से लेकर शहर भर में घर-घर में देवताओं को जगाया जाएगा। पूजन के लिए मंगलवार को महिलाओं ने बाजार में चना का साग, बेर, गन्ना, सिंघाड़ा और शकरकंदी आदि सामान की खरीदारी की। बाजार में सिंघाड़ा तीस और शकरकंदी चालीस रुपये किलो बिक रही है, जबकि गन्ना दस रुपये का एक बिक रहा है। वहीं बुधवार को करीब 250 शादियां होंगी।