फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Deoria News ›   accident in deoria

अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक, एक की मौत

Sun, 03 Nov 2019 11:06 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 03 Nov 2019 11:06 PM IST
विज्ञापन
accident in deoria
पिता रैमल की मौत के बाद कोतवाली आए चारो बच्चे अपने में मस्त रहे। - फोटो : DEORIA
फोटो समाचार
विज्ञापन

अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, एक की मौत
तरकुलवा के कंचनपुर चट्टी मोड़ पर रात साढ़े 10 बजे हुआ हादसा
रुद्रपुर के कोइलगड़हा गांव का रहने वाला था मृतक रैमल निषाद
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। काम से लौट रहे बाइक सवार युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा तरकुलवा थानाक्षेत्र के कंचनपुर चट्टी मोड़ पर शनिवार की रात साढ़े 10 बजे हुआ। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कोइलगड़हा गांव निवासी रैमल निषाद (32) पुत्र चतुरी निषाद की ससुराल तरकुलवा के कोन्हवलिया भरत राय गांव में है। वह ससुराल में ही रहकर मजदूरी करता था। शनिवार की देर शाम वह गांव निवासी यशवंत निषाद (18) पुत्र बेचू निषाद के साथ कहीं गया था। काम निपटाने के बाद दोनों वापस घर आ रहे थे। कंचनपुर चट्टी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। मौके पर ही पीछे बैठे रैमल निषाद की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने रैमल निषाद को मृत घोषित कर दिया। पहचान नहीं होने से शव को अज्ञात में मोर्चरी में बंद करा दिया गया। रविवार को पहुंचे परिवारवालों ने पहचान की। गंभीर रूप से घायल यशवंत का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की जान गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन

चार बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
तीन साल पूर्व हुई थी पत्नी शीला की मौत, ससुराल में रहता था मृतक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रैमल की मौत से चार बच्चों के सिर से अब पिता का भी साया उठ गया। मां की तीन साल पहले ही बीमारी की वजह से मृत्यु हो गई थी। अब चारों बच्चों की परवरिश का संकट उत्पन्न हो गया है। पिता की मौत से बेखबर बच्चे सदर कोतवाली थाने में अपने में मस्त थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

कोइलगड़हा गांव निवासी रैमल की शादी 10 साल पहले तरकुलवा के कोन्हवलिया भरत राय गांव निवासी शीला के साथ हुई थी। दोनों की चार संतानें तृष्णा (08), सन्नी (06), बरार (04) और संध्या (03) हैं। संध्या के जन्म के कुछ दिन बाद ही बीमारी से शीला की मौत हो गई थी। इसके बाद रैमल ससुराल में रहकर बच्चों की परवरिश के साथ ही मजदूरी करता था। शनिवार की रात वह पड़ोस के युवक के साथ कहीं गया और हादसे में जान चली गई। जानकारी होने पर रविवार को कोइलगड़हा और कोन्हवलिया भरत राय गांव के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल से जानकारी लेने के बाद सदर कोतवाली पहुंचे। मृतक के चारों बच्चे भी साथ थे। वे अपने पिता की मौत से बेखबर खेलने में मशगूल थे। लोगों का कहना था कि प्रकृति ने बच्चों के साथ क्रूर मजाक किया है।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
तरकुलवा के दुबे टोला का रहने वाला था गुड्डू
अमर उजाला ब्यूरो
तरकुलवा। स्थानीय थानाक्षेत्र के दुबे टोला में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिवारवालों को सौंप दिया गया।
तरकुलवाके दुबे टोला निवासी मैनेजर यादव का बेटा गुड्डू यादव (25) शनिवार की दोपहर बाद घर से निकला। काफी रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवारवालों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच उन्हें गांव के दक्षिण खेत में गुड्डू के लेटे होने की जानकारी मिली। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि उसके मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रविवार की दोपहर में उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारवालों को शव सौंप दिया। परिवारवालों का आरोप है कि किसी ने रंजिशवश जहर खिला दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर पोस्टमोर्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
फोटो समाचार...
तीन दिन से लापता पुजारी का शव तालाब में मिला
अर्घ्य देने गई महिलाओं ने तालाब में शव उतराते देखकर मचाया शोर
लार थाना क्षेत्र के उकिना गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लार/मेहरौनाघाट। थाना क्षेत्र के उकिना गांव में तीन दिनों से लापता शिव मंदिर के पुजारी का शव गांव के तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। अर्घ्य देने गई छठ व्रती महिलाओं के शोर करने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मछुआरों की मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
उकिना गांव निवासी विंध्याचल सिंह (65) गांव के शिव मंदिर पर रहकर पूजा-पाठ करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक तीन दिन पूर्व वह मंदिर से अचानक लापता हो गए थे। परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश की, लेकिन कहीं जानकारी नहीं मिली। रविवार की सुबह छठ व्रती महिलाएं उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने तालाब किनारे गईं तो वहां शव उतराते देखकर सन्न रह गईं। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाहर निकालने पर शव की पहचान नरेंद्र सिंह ने अपने भाई विंध्याचल सिंह उर्फ कतवारू पंडित के रूप में की। कतवारू पंडित तीन भाइयों में बड़े थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। मेहरौना चौकी इंचार्ज योगेंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया है। तालाब में पुजारी कैसे डूबे, इसकी जांच की जा रही है।
इनसेट
तालाब में कूदे थे तो बना था मंदिर
लार। गांववालों की मानें तो विंध्याचल सिंह उर्फ कतवारू पंडित अक्सर गांववालों से मंदिर प्रांगण में ही समाधि लेने की चर्चा करते थे। इसके पहले भी वह एक बार तालाब में मंदिर निर्माण कराने की मांग को लेकर कूदे थे, तब जाकर इस मंदिर का निर्माण हुआ था। इनकी मौत से गांववाले दुखी हैं।
अधेड़ ने घर में फंदा लगाकर दी जान
सदर कोतवाली के अगस्तपार गांव का है मामला
छठ का प्रसाद देने पहुंचे भाई को हुई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। घर में अकेले अधेड़ ने शनिवार की रात फंदा लगाकर जान दे दी। मामला सदर कोतवाली के अगस्तपार गांव का है। रविवार को छठ का प्रसाद देने गए भाई घर की स्थिति देखकर स्तब्ध रह गए। उन्होंने बच्चों संग मायके गई मृतक की पत्नी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली के अगस्तपार गांव निवासी मुरलीधर तिवारी (45) घर पर रहकर खेतीबारी करते थे। उनकी ससुराल भटनी इलाके के बनकटा तिवारी गांव में है। छठ त्योहार मनाने के लिए पत्नी पुनीता देवी बेटों कल्लू तिवारी, मुरारी तिवारी और रितिक तिवारी के साथ मायके गई थीं। रात के किसी समय दूसरे घर में सो रहे मुरलीधर ने फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार को छठ व्रत का प्रसाद देने गए भाई गोपाल त्रिपाठी ने भाई को छत की कुंडी पर लटकते देखकर शोर मचाए। उन्होंने पुलिस और मायके गई उनकी पत्नी को सूचना दी। मायके से पहुंची पत्नी पुनीता देवी रह-रहकर बेहोश हो जा रही थीं। बच्चे पिता के खोने के गम में थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि अधेड़ ने फंदा लगाकर जान दी है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खोराबार के उमेश की थी सरौरा में मिली लाश
शुक्रवार को गांव से हुआ था अपहरण, गोरखपुर में दर्ज है केस
फोटो से हुई पहचान, पुलिस छानबीन में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सदर कोतवाली के सरौरा गांव के पास मिले शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक गोरखपुर के खोराबार थानाक्षेत्र के जंगल चंवरी गांव का रहने वाला उमेश यादव था। खोराबार थाने में उसके अपहरण का केस दर्ज है। शुक्रवार की शाम से वह लापता हुआ था।

देवरिया-रुद्रपुर मार्ग पर सदर कोतवाली के सरौरा गांव के पास शनिवार को 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। गोरखपुर के खोराबार थाने की पुलिस ने जंगल चंवरी गांव निवासी उमेश यादव के अपहरण होने की जानकारी रविवार को सदर कोतवाली पुलिस को दी। सदर कोतवाली पुलिस ने उनके पास फोटो भेजा तो वहां की पुलिस और ग्रामीणों ने पहचान उमेश यादव के रूप में की। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि मृतक के अपहरण का केस गोरखपुर के खोराबार थाने में शुक्रवार को दर्ज हुआ था। यहां कैसे आया, मौत कैसे हुई आदि बिंदुओं की जांच वहां की पुलिस करेगी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिवारवालों को सौंप दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed