मेरठ: कुत्ते का शव फेंकने पर सांप्रदायिक तनाव, मारपीट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के शास्त्रीनगर में आरटीओ पुल के निकट शनिवार सुबह कुत्ते का शव फेंकने पर दो समुदाय के लोगों के बीच जमकर लाठियां चलीं, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को काबू में किया। वहीं पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई की मांग को लेकर नौचंदी थाने का घेराव किया। पीड़ित की तहरीर पर दूसरे पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
फिलहाल पुलिस को कुत्ते के मालिक के बारे में पता नहीं चला है।
पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर आठ निवासी एक धार्मिक स्थल के प्रमुख के मकान के बाहर किसी ने शनिवार सुबह कुत्ते का शव फेंक दिया। धार्मिक स्थल के प्रमुख शव आरटीओ पुल निकट लगे कूड़े के ढेर पर फेंकने लगे।
इसका शास्त्रीनगर सेक्टर- 11 निवासी एक अन्य संप्रदाय के व्यक्ति ने विरोध किया और हमला कर दिया। जानकारी मिलते ही पहले पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। विरोधियों ने पथराव भी किया।
सूचना मिलते ही एसओ नौचंदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा। पीड़ित पक्ष के लोग भाजपा नेता नरेंद्र राष्ट्रवादी के साथ नौचंदी थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।