खोही(चित्रकूट)। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय का 30वां स्थापना दिवस वैदिक रीति रिवाज से पूजन के साथ प्रारंभ हुआ। पांच दिवसीय महोत्सव में बौद्धिक, शारीरिक शिक्षा, ललितकला व सांस्कृतिक विधाओं की प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
विवि परिसर में कुलपति प्रो. नरेश चंद्र गौतम व डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा से जुड़े तथ्यों पर आधारित पाठ्यक्रम के बाद व्यावसायिक पाठ्यक्रम से हजारों छात्रों को प्रतिवर्ष लाभ हो रहा है। उच्च शिक्षा के लिए आसपास के 50 गांवों के युवाओं को मौका मिलता है।
इसे निरंतर अच्छा करने की प्रेरणा से काम हो रहा है। इससे पहले महात्मा गांधी की मूर्ति और विवि के संस्थापक कुलाधिपति भारत रत्न नानाजी देशमुख के चित्र पर पुष्प अर्पित कर ग्रामोदय महोत्सव का शुभारंभ किया। महोत्सव में ई.आंजनेय पांडेय, डा. शशिकांत त्रिपाठी, प्रो. आईपी त्रिपाठी, डॉ. अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।