चित्रकूट। जिले में रविवार को पूरा दिन मौसम बदलता रहा। सुहानी सुबह के बाद उमस और तेज धूप से लोग परेशान रहे। वहीं, शाम को आंधी और बारिश ने मौसम फिर सुहावना कर दिया। आंधी आने से जिले के कई स्थानों पर पेड़ टूट गए, जिससे रास्ता बाधित रहा। खंभे गिरने से 80 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शहर के कई इलाकों में चार घंटे से ज्यादा बिजली गुल रही।
रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंचा। शाम को आंधी आने से सीतापुर, शिवरामपुर, कसहाई, कालूपुर, कोलगदिहया व चकला चकौंध क्षेत्र में पेड़ व बिजली के खंभे गिर गए। ट्रांसफार्मर फुंके और तार टूट गए। अधिकतम तापमान पांच डिग्री लुढ़ककर 38 तक पहुुंचा। कई संपर्क मार्ग पर गिरे पेड़ों से रास्ता बाधित रहा। इसे रास्ते से हटाने के लिए वाहन चालकों व स्थानीय लोगों ने प्रयास किया।
अधिशासी अभियंता रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि कई गांवों की आपूर्ति बंद है। रविवार की दोपहर तक काफी सुधार का काम हो गया था लेकिन शाम की आंधी व बारिश से इसमें खलल पड़ गया। इससे बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है, उसको सही करने का प्रयास किया जा रहा है।