राजापुर/पहाड़ी/मऊ(चित्रकूट) में लगातार तीन दिन से हो रही बारिश से शुक्रवार को राजापुर, मऊ, मानिकपुर, पहाड़ी व खोही क्षेत्र में कई कच्चे घर गिर गए। इससे लोगों को रहने को जगह और खाना तक नसीब नहीं हो रहा है। रविवार को फिर हुई बारिश ने परेशानी और बढ़ा दी।
रविवार दोपहर बाद भी कई स्थानों पर हुई जोरदार बारिश से जलभराव और गंदगी जमा हो गई। इससे पहले लगातार तीन दिन हुई बारिश से पहाड़ी के दरसेंडा गांव निवासी हरीमोहन पुत्र रामनाथ का कच्चा घर ढह गया था। घटना के समय कोई घर में नहीं था, लेकिन घर ढहने से गृहस्थी का सामान और अनाज खराब हो गया।
वहीं, राजापुर के बेराउर गांव में भुवनेश्वर, सुखराज व इंद्रराज के घर भी बारिश में ढह गए। राजापुर के भटरी निवासी कमल शुक्ला और चुन्नू प्रजापति के परिजनों ने प्रशासन से राहत दिलाने की मांग की है। उधर, मऊ के मवईकला, भिक्खीपुरवा के लोग भी दोबारा घर बनाने में जुटे रहे, लेकिन बारिश होने से हालात जस के तस बने हैं।