चित्रकूट। कृषि कानूनों का विरोध करते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के पदाधिकारियों ने अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरु किया है। शहर के गल्लामंडी परिसर में मंगलवार को किसानों की बैठक हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान क्रमिक अनशन पर बैठे। मौके पर उपजिलाधिकारी रामप्रकाश व सदर सीओ रजनीश यादव ने किसानों को मनाने का प्रयास किया पर नहीं माने। किसान नेताओं ने कहा कि जब तक समस्याओं का निराकरण नहीं होगा अनशन जारी रहेगा।
भाकियू के जिलाध्यक्ष राम सिंह के नेतृत्व में किसान गल्लामंडी में क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान किसान नेता अरुण कुमार पांडेय, शैलेंद्र सिंह, शिवदयाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ छल कर रही है। कृषि कानूनों को जब तक वापिस नहीं लिया जाएगा आंदोलन जारी रहेगा। इसके अलावा जिले में अन्ना मवेशी की समस्या से किसान परेशान है। धान खरीद केंद्र में किसानाें का कोई पुरसाहाल नहीं है। अन्ना मवेशियों से फसल बचाने को रात में खेत की रखवाली करनी पड़ रही है। अनशन स्थल पर किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन इन समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह, विजय कुमार पांडेय, देवदत्त यादव,विजय बहादुर सिंह, विनय कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।