चित्रकूट। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष/फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला ने कहा कि बुंदेलखंड में खेल अकादमी खोलने का प्रस्ताव केंद्र को दिया है। इसके खुलने से बुंदेलखंड की प्रतिभाओं को भटकना नहीं पडे़गा और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगी। चित्रकूट जिले में राष्ट्रीय संत समागम होगा, जिसमें उप्र-मप्र के मुख्यमंत्री शिरकत करेंगें। उन्होंने निराशा जताई कि सरकार के नेशनल दुग्ध डेयरी योजना का बुंदेलखंड में सही क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है, नौबत यहां तक आ गई है कि बजट में मिले 16 करोड़ रुपये लौटाने की स्थिति है।
बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला की पानी, जवानी, किसान यात्रा का चित्रकूट में समापन हुआ। यह यात्रा 20 फरवरी को ललितपुर से शुरू होकर झांसी, उरई, जालौन, राठ, महोबा, बांदा के बाद चित्रकूट में समाप्त हुई है। शहर के डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि इस दौरान लगभग 70 सभाएं की। जिसमें जनता से जुड़ने की पूरी कोशिश की है। पहले की मिली शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को लिखा गया है। बुंदेलखंड में खेल अकादमी की स्थापना की मांग केंद्र सरकार ने मान ली है। चित्रकूट में एक फिल्म हब बने। जिससे यहां के कलाकारों को ही मौका मिले। यूपी में बुंदेलखंड जैसी कोई जगह नहीें है। यहां प्राकृतिक सौंदर्य धार्मिक स्थल हैं।
इस मौके पर गोरक्षा समिति के संयोजक ओंकार सिंह, बुंदेली सेना जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, अंकित पहाड़िया आदि मौजूद रहे।