मऊ। मनमानी बिजली के बिल भेजने के विरोध में नौजवान भारत सभा व बिगुल मजदूर दस्ता के कार्यकर्ताओं ने मऊ तहसील में प्रदर्शन किया। तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जांच कर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को नौजवान भारत सभा व बिगुल मजदूर दस्ता के कार्यकर्ताओं ने बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए मऊ कस्बे में जुलूस निकाला। तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। जिसमेें कहा गया है कि क्षेत्र के मऊ, रामनगर, बरेठी, लोधौरा, बरिया, देवीपुर, खंडेवरा, कहरी आदि गांव में कई घरों में बिना मीटर के ही कनेक्शन कर दिया गया है। बिजली विभाग के कर्मचारी कहते हैं कि एक वर्ष तक बिजली का बिल नहीं जमा करना होगा। जबकि अब दस हजार से 50 हजार रुपये तक का बिल भेजा जा रहा है। जिन के घरों में बिजली के बिल भेजे उनके परिवार के अधिकांश सदस्य मजदूरी करते हैं। ऐसे में बिजली का बिल माफ कर देना चाहिए। इसके साथ ही बिजली के बिल सही करके भेजे जाएं। मीटर की सही रीडिंग की जाए। जिन घरों मेें मीटर नहीं लगे हैं बिल माफ किया जाए। इस मौके पर रवि, रामसलोने, इंद्रेश, रामचंद्र, राहुल, उदित, राजेश, अजय, राजकुमार, बबलू आदि मौजूद रहे।