चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के छिपनी बाहर खेड़ा गांव में निमंत्रण से घर जा रहे बीटेक के छात्र को तीन लोगों ने लाठी -डंडों से पीटा। जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन ने उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। शनिवार को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि आरोपी परिवार से उनकी आठ साल से दुश्मनी चल रही है। इसके पहले भी आरोपी उनके पिता के साथ मारपीट कर चुके हैं।
छिपनी बाहर खेड़ा गांव निवासी सर्वेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात में वह गांव में ही निमंत्रण में गया था। रात लगभग नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में गांव के विष्णु, शुभम व रामभाऊ त्रिपाठी ने उसे रोककर लाठी-डंडे पीटा। मारपीट से युवक बेहोश हो गया। मौके पर परिजन पहुंचे और घायल को लेकर जिला अस्पताल लेकर गए। जहां उसका इलाज चल रहा है। कोतवाल उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। घायल के बाबा कामता प्रसाद ने बताया कि आरोपी परिवार से उनके परिवार की एक युवती के गांव से जाने के मामले में आठ साल से दुश्मनी चल रही है। वह मामला अदालत में भी विचाराधीन है। इसी दुश्मनी के चलते दो साल पहले उसके पिता कमलेश को भी पीटा था। सर्वेश प्रयागराज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। कुछ दिन पहले छुटटी में वह गांव आया था।