मऊ (चित्रकूट)। क्षेत्र के खंडेहा ग्राम पंचायत के आरख के डेरा निवासी बिजली, पानी, सहित सरकारी योजनाओं से कई साल से वंचित है। महिलाओं ने मानिकपुर विधायक आनंद शुक्ला को पत्र सौंप सुविधा दिलाए जाने की मांग की है।
आरख डेरावासी काजल, खुशबू, मीरा देवी, कलावती माया देवी, ननकी देवी, रोमिया देवी, सुनैना देवी, सरिता देवी, रामा देवी, मालती देवी, वंदना देवी ने विधायक को दिए पत्र में बताया कि डेरा में बिजली के खंभे तो लगा दिए लेकिन घरों में बिजली की आपूर्ति नहीं की जा रही है। बिजली के बिल भेज दिए गए हैं। पानी की समस्या है। शौचालय व आवास बनाने के लिए धनराशि नहीं मिली। कच्चे घर होने से बरासत के समय घरों में पानी भर जाता है। समस्या को लेकर दो साल से अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। कोई सुनवाई नहीं हुई। पूरे मामले में मानिकपुर विधायक आनंद शुक्ला ने बीडीओ व अन्य अधिकारियों से इस समस्या के समाधान कराने को कहा है।