UP: पिस्टल के बल पर युवक से थूक चटवाने का वीडियो वायरल, पुलिस के गिरफ्त में आरोपी; कहा- साजिशन किया गया ऐसा
Chandauli News: चंदौली में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आंशु सिंह नामक युवक पिस्टल के बल पर दूसरे युवक को अपमानित करते दिखा। वीडियो वायरल होने के बाद बबुरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामला 9-10 माह पुराना है और मिर्जापुर के जमालपुर थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज हो चुका है।
विस्तार
UP Crime: चंदौली जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने सनसनी फैला दी है। वायरल वीडियो में एक युवक पिस्टल के बल पर दूसरे युवक को गाली-गलौज करते हुए अपना थूक चाटने के लिए मजबूर करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान आंशु सिंह पुत्र राकेश कुमार सिंह निवासी भगतपुरा, थाना बबुरी के रूप में हुई है। वीडियो में आरोपी युवक दूसरे युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उसे अपमानित करता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।
चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो करीब 9 से 10 महीने पुराना है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में थाना जमालपुर, जनपद मिर्जापुर में पहले ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की गई थी।
कार्रवाई को लेकर चर्चाएं
एसपी के मुताबिक वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना बबुरी पुलिस ने आरोपी आंशु सिंह को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस द्वारा जारी एक अन्य वीडियो में आरोपी खुद यह स्वीकार करता दिखाई दे रहा है कि मामला पुराना है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने कृत्य के लिए माफी भी मांगी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी नजर बनाए हुए है।