PDDU Nagar: रेलवे टिकट की दलाली में पकड़ा गया सीनियर पार्सल क्लर्क, मोबाइल से खुला काले कारनामे का राज
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सीआईबी ने स्थानीय डीडीयू स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से टिकटों की दलाली के आरोप में सीनियर पार्सल क्लर्क को गिरफ्तार किया। रविवार शाम हुई इस गिरफ्तारी से रेल महकमे में खलबली मची है।
विस्तार
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सीआईबी ने स्थानीय डीडीयू स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से टिकटों की दलाली के आरोप में सीनियर पार्सल क्लर्क को गिरफ्तार किया। रविवार शाम हुई इस गिरफ्तारी से रेल महकमे में खलबली मची है। आरोपी रेलकर्मी वाराणसी में तैनात है।
सोमवार को आरपीएफ डीडीयू पोस्ट निरीक्षक संजीव कुमार और सीआईबी के निरीक्षक पंकज यादव ने बताया कि एसआई मुकेश कुमार, सीआईबी के एएसआई दिलीप कुमार, आरक्षी पवन कुमार आदि ई-टिकट दलालों को खोज रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि बुकिंग काउंटर के पास टिकट दलाल घूम रहे हैं।
ये भी पढ़ें: ज्ञान की नगरी काशी में गुरु की आराधना को लगा शिष्यों का तांता, गंगा स्नान को उमड़े आस्थावान
मोबाइल में मिले हजारों रुपये के टिकट
टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक व्यक्ति रिजर्वेशन फॉर्म भर रहा था। अचानक वह बाहर की तरफ जाने लगा। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम अजय कुमार निवासी परशुरामपुर मुगलसराय कोतवाली बताया। बताया कि वह वाराणसी मे सीनियर पार्सल क्लर्क है। आरक्षण कार्यालय में आने का कारण पूछने पर वह कुछ नहीं बता सका।
उसकी तलाशी लेने पर उसके पास एक काउंटर टिकट, एक भरा हुआ रिजर्वेशन फॉर्म, एक खाली रिजर्वेशन फॉर्म मिला। उसके पास मौजूद मोबाइल को खंगालने पर उसमें उसकी पर्सनल यूजर आईडी से बनाए गए 6586 रुपये के तीन ई-टिकट और 35,957 रुपये के 24 पुराने ई-टिकट की जानकारी मिली।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी पर्सनल यूजर आईडी पर ई-टिकट बनाकर जरूरतमंदों को अधिक दाम में बेचता है। बताया कि पीडीडीयू जंक्शन पर भी काउंटर से तत्काल टिकट या अन्य रेलवे के टिकट निकाल कर लोगों को अधिक मूल्य पर बेच देता है। निरीक्षकों ने बताया कि दलाली के आरोपी रेलकर्मी का चालान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।