सकलडीहा। शासन की ओर से पिछले साल मंदिर और सरोवर को पर्यटन विभाग ने सुंदरीकरण कराने का कार्य शुरू कराया था। इसके तहत सकलडीहा कस्बा के शिव मंदिर और सरोवर का सुंदरीकरण कराया जाना था। लेकिन विभागीय अधिकारी की उपेक्षा के कारण पिछले एक साल से सरोवर घाट और मंदिर गेट का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। कस्बा वासियों ने क्षेत्रीय सांसद व केन्द्रीय मंत्री से समस्या के समाधान की मांग की है।
केंद्रीय मंत्री व सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय की पहल पर शासन की ओर से कस्बा के शिव सरोवर के घाट का सुंदरीकरण, सोलर, बाउंड्री, लाईट, कुर्सी, इंटर लॉकिंग, मार्ग आदि का निर्माण होना है। लेकिन कुछ लोगों के अड़चन डालने के कारण निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जिसको लेकर विभाग की ओर से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया है। इसके बाद भी स्थानीय तहसील और पुलिस प्रशासन का सहयोग न मिलने के कारण निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। जबकि आधा अधूरा निर्माण कार्य को लेकर कस्बा के व्यापारियों ने क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री डा. महेन्द्रनाथ पांडेय से कस्बा में सम्मान समारोह के दौरान फरवरी माह में पूरा कराने की मांग उठायी थी। केंद्रीय मंत्री ने व्यापारियों को शीघ्र ही निर्माण कार्य को पूरा कराने का आश्वासन दिया था। इस बाबत विभागीय ठेकेदार आनंद सिंह ने बताया कि कुछ लोगों के विरोध के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है। होली बाद घाट का कार्य छोड़ अन्य शेष कार्य प्रारंभ कराया जायेगा।