UP: बीपी की जांच कराने अस्पताल पहुंचे मरीज ने महिला को मारी गोली, माैत; भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा
Chandauli News: इस सनसनीखेज मामले की जानकारी मिलते ही अलीनगर थाने पुलिस भी माैके पर पहुंच गई। अस्पतालकर्मियों और ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। उससे पूछताछ की जा रही है। इससे पहले ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की थी।
विस्तार
UP Crime: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कमलापुर के जीवक अस्पताल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अस्पताल में भर्ती एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान लक्ष्मीना (55) निवासी सासाराम के रूप में हुई है। वह पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक युवक अस्पताल पहुंचा। उसने खुद को मरीज बताते हुए बीपी की दवा ली और इलाज के बहाने अस्पताल के ऊपर स्थित वार्ड में पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने अचानक महिला की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और गोली मार दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।
परिजनों में मचा कोहराम
बताया जा रहा है कि अस्पताल से बाहर निकलते समय आरोपी ने एक और फायर किया। इसके बाद वह बाइक से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और अस्पताल कर्मी जुट गए। लोगों ने पीछा कर आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर अपने साथ थाने ले गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अस्पताल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।