पीडीडीयू नगर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल संसदीय समिति की बैठक में विभिन्न जनपदों से आए सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने कोरोना के पूर्व की तहर ट्रेनों में यात्रियों को सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की। इसके पहले रेल मंडल के तहत आने वाले संसदीय क्षेत्रों में रेलवे के विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया गया। समस्याओं को सुनकर जीएम अनुपम शर्मा ने समाधान का आश्वासन दिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सासाराम के सांसद छेदी पासवान ने कहा कि रेलवे में कोरोना के पूर्व की स्थिति बहाल होनी चाहिए। बैठक में राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह, औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह, काराकाट के सांसद महाबली सिंह, गया के सांसद श्री विजय कुमार, पलामु के सांसद विष्णु दयाल राम के साथ ही चंदौली सांसद और केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय के प्रतिनिधि सर्वेश्वर कुशवाहा, और केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री और बक्सर के माननीय सांसद अश्विनी कुमार चौबे के प्रतिनिधि जितेन्द्र पांडेय ने भी यात्री सुविधाओं को बढ़ाने, साफ-सफाई, गाड़ियों का परिचालन, गाड़ियों के मार्ग विस्तार, ठहराव आदि के मुद्दे उठाए। बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने मंडल क्षेत्र में रेल विकास और यात्री सुविधाओं के बारे में बताया। बताया कि गया में 110 करोड़ रूपए की लागत से मेमू शेड निर्माण चल रहा है। सोननगर-गढ़वा के बीच तीसरी लाइन का कार्य भी प्रगति पर है। इस मौके पर डीआरएम राजेश कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।