चंदौली में 128 बीघे भूमि पर बनेगा पीएसी का ट्रेनिंग सेंटर, जमीन की गई चिह्नित, शासन को भेजी गई रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंदौली जिले के चकिया में सीआरपीएफ का प्रशिक्षण केंद्र बनने की शुरूआत होने के साथ ही अब शिकारगंज के पचफेड़िया गांव में पीएसी का ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा। इसकी तैयारी तेज कर दी गई है। राजस्व विभाग ने पचफेड़िया में 128 बीघा भूमि चिह्नित कर इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी।
नक्सल क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं के तलाशने का अभियान जारी है। इस अभियान के तहत चकिया विकास खंड के पचफेड़िया गांव के अंतर्गत ढोलकिया बस्ती में पीएसी का ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया जाएगा। वाराणसी के भुल्लनपुर और रामनगर के बाद चंदौली में यह पीएसी का पहला पीएसी ट्रेनिंग सेंटर होगा। जहां जवानों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसके तहत राजस्व विभाग ने कई किसानों की भूमि सहित सरकारी भूमि को चिह्नित कर लिया है। । ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए 128 बीघे भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों से वार्ता भी लगभग पूरी हो चुकी है और किसान भी जमीन देने को तैयार हैं। अब शासन से हरी झंडी मिलते ही सेंटर के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद ट्रेनिंग सेंटर बनाने का काम भी शुरू करा दिया जाएगा।
नक्सल क्षेत्र में खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
अत्यंत पिछड़े व पहाड़ी क्षेत्र में पीएसी ट्रेनिंग सेंटर बनने से वहां के लोगों के लिए नए रोजगार का सृजन होगा। इससे पहले चकिया में दो मार्च 2019 को तत्कालीन गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने 74 हेक्टेयर में सीआरपीएफ सेंटर के निर्माण की सौगात दी थी। अब वहां पीएसी का सेंटर बनने से नक्सल क्षेत्र में रोजी-रोजगार के अवसर मिलेेंगे।
नक्सली हमले में गई थी पीएसी जवानों की जान
शिकारगंज। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में 19 नवंबर 2004 को बड़ी नक्सली घटना हिनौत घाट में हुई थी। नक्सलियों ने पुलिया पर बारूदी सुरंग बिछाकर जंगल में सर्च करने जा रहे पीएसी के करीब 16 जवानों की हत्या कर दी थी। तब से नक्सल क्षेत्र में सीआरपीएफ कैँप कर रही थी। इसके बाद वहां की स्थिति सुधरी और लोग मुख्यधारा जुड़ने लगे। लेकिन ब वहां पीएसी सेंटर बनने से वहां विकास की गति तेज होगी।
पीएसी द्वितीय वाहिनी का ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए पचफेड़िया गांव के ढोलकिया बस्ती में 128 बीघे भूमि चिह्नित कर ली गई है। उसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
फूलचंद यादव, तहसीलदार, चकिया
पीएसी ट्रेनिंग सेंटर बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसकी मंजूरी मिल गई है। ट्रेनिंग सेंटर बनने से पिछड़े क्षेत्र के गरीबों को रोजगार मिलेगा। साथ ही क्षेत्र का विकास होगा।
शारदा प्रसाद, विधायक, चकिया