बबुरी। थाना क्षेत्र के भदौलिया गांव में लुटेरों ने बुधवार की रात मां-बेटी को बंधक बनाकर लाखों रुपये का माल लूट ले गए। घर के मुखिया राजेश उस समय बरामदे में सो रहे थे। लूट के बाद महिलाओं ने उन्हें जगाया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। इससे लोगों ने दहशत है।
थाना क्षेत्र के बबुरी-धरौली मार्ग पर स्थित भदौलिया गांव निवासी राजेश के घर में रात के एक बजे के करीब चोर शौचालय और सीढ़ियों के सहारे पहुंचे। जिस कमरे में सामान रखा था उस कमरे में घर की गृहिणी पायल और उनकी बेटी प्रीति सो रही थी। उनका आरोप है कि अपराधियों ने टॉर्च जलाकर मां बेटी को धमकाते हुए पिस्टल दिखाकर अलमारी की चाभी मांगी और मां बेटी को बंधकर बनाकर चाभी से आलमारी को खोलकर 50 हजार रुपये नकद, दो सोने की चेन, पांच पायल, तीन जोड़ी कर्णफूल, दो मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। जाते समय अपराधियों ने मां बेटी को धमकी देते हुए कहा कि अगर किसी को घटना के बावत जानकारी दोगी तो पूरे परिवार को जान से हाथ धोना पड़ेगा। घटना के बाद पीड़िता ने बरामदे में सो रहे पति राजेश को पूरी घटना की जानकारी दी। राजेश ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। बबुरी थानाध्यक्ष अतुल कुमार प्रजापति ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है, इसकी जांच कराई जाएगी। वही क्षेत्राधिकारी अनिल राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।