Mahakumbh 2025 : अव्यवस्था देख भड़के DRM, बोले- काम सुधार लें अफसर; PDDU जंक्शन का किया निरीक्षण
Mahakumbh 2025 : निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन के प्लेटफार्म, फूट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, रेल यात्रियों के लिए बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया आदि का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। व्यवस्था में कमियों को देखते हुए उसे तत्काल पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।
विस्तार
प्रयागराज महाकुंभ में पहले शाही स्नान के पूर्व संध्या पर डीआरएम राजेश गुप्ता ने मंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में बनाए गए विशेष ठहराव स्थल के साथ सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री हाल, फुटओवर ब्रिज, प्लेटफार्म और दक्षिणी द्वार सहित पूरे इलाके में भ्रमण कर एक एक व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान रेलवे प्लेटफार्म पर रंगरोगन न होने पर डीआरएम भड़क गए। जिम्मेदार को फटकार लगाई और जल्द से जल्द सही कराने का निर्देश दिया।
प्रयागराज महाकुंभ में पीडीडीयू जंक्शन पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर रेल प्रशासन अलर्ट है। लिहाजा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से उनकी सुविधाओं में किसी तरह की कमी न हो इसकी गहन निगरानी की जा रही है। प्रयागराज के बाद पीडीडीयू जंक्शन पर सर्वाधिक ट्रेनों का ठहराव होगा।
यात्री सुविधा, सुरक्षा, आवश्यक व्यवस्था, रेल परिचालन, चिकित्सा से संबंधित तैयारियों के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। सभी विभागों के प्रमुखों के साथ पूरे जंक्शन सर्कुलेटिंग एरिया में कुंभ यात्रियों के लिए बनाए गए स्थल व पंडाल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद डीआरएम ने राजेश गुप्ता ने कहा कि पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। यहां रुकने के लिए विशेष यात्री ठहराव क्षेत्र बनाए गए हैं। यहां सीसीटीवी कैमरा, शौचालय, पेयजल आदि की पूरी व्यवस्था है। कहा कि 13, 14 और 15 जनवरी पर विशेश नजर है। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में ट्रेन हैं। वहीं पीडीडीयू जंक्शन पर भी ट्रेन के रैक रखे हुए हैं। जरूरत के हिसाब से अप और डाउन में इसे चलाया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम दिलीप कुमार, सीनियर डीसीएम सुधांशु रंजन, आरपीएफ कमांडेंट जेथिन बी राज, सीनियर डीपीओ सुरजीत कुमार,स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, सीबी राय, सीएसजी एनके मिश्र, आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप रावत आदि रहे।
आज आठ कुंभ स्पेशल आएगी पीडीडीयू जंक्शन
महाकुंभ में प्रयागराज जाने और आने वालों को दिक्कत न हो इसके लिए विशेष ट्रेन चलाए जा रहे हैं। इसके तहत सोमवार को आठ महाकुंभ स्पेशल ट्रेन पीडीडीयू जंक्शन से होकर जाएगी। इसी तरह 14 जनवरी को 15 जबकि 15 जनवरी को आठ महाकुंभ स्पेशल ट्रेन आएगी। इसके साथ ही भीड़ बढ़ने पर पीडीडीयू जंक्शन से प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
महाकुंभ के दौरान स्टेशन पर साफ सफाई के रहेंगे विशेष इंतजाम
महाकुंभ को देखते हुए पीडीडीयू जंक्शन पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने स्टेशन के वेंडर्स, ऑटो चालकों, विक्रम चालकों, साइकिल स्टैंड, कार चालकों के साथ मीटिंग की और स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी।
स्वास्थ्य निरीक्षकों की टीम ने यात्रियों को सही तरीके से खाने पीने के बाद बची हुई गंदगी को स्टेशन परिसर में जगह जगह लगी हुई डस्टबिन में डालने के लिए बताया गया। कहा कि पूरे स्टेशन परिसर में 50-50 मीटर की दूरी में नीला और हरा रंग की और साथ में लाल रंग की डस्टबीन रखी गई हैं।
कहा कि स्टेशन की सफाई व्यवस्था और स्टालों में बिकने वाले खाद्य सामग्री एवं खान पान की गुणवत्ता जांचने को लेकर अक्सर अधिकारियों की खरी खोटी सुननी पडती है। सभी स्टालों के मैनेजर और बेचने वाले वेंडर्स को मास्क, हेड कैप, दस्ताने पहनकर यात्रियों को खाद्य सामग्री बेचने का निर्देश दिया गया।
कहा कि सभी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों की टीम खाने पीने के वस्तुओ की गुणवत्ता की जांच निरंतर करेंगे। इसमें कमी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अभिषेक यादव, अक्षय कुमार, ज्योतिष प्रकाश, राहुल कुमार, शांतनु आनंद, कौशल यादव, राजेश कुमार, कार्यालय सहायक शशि भूषण सिंह, रंजीत आदि मौजूद रहे।
पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की सहायता में जुटे स्काउट गाइड्स
प्रयागराज महाकुंभ में पीडीडीयू जंक्शन पर स्काउट गाइड की ड्यूटी लगाई गई है। वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत सिंह के निर्देश पर चार शिफ्ट में स्काउट, गाइड, रोवर्स , रेंजर्स की ड्यूटी लगाई गई है। रोजाना स्टेशन पर सौ स्काउट फुटओवर ब्रिज, स्केलेटेर, रैंप आदि पर ड्यूटी लगाई जाएगी।