UP: गार्गी पटेल पर हमले के केस में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो सरदार सेना करेगी आंदोलन; रमाशंकर ने चेताया
Chandauli News: रमाशंकर पटेल ने घायल सपा महिला अध्यक्ष गार्गी पटेल से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने उपचार में लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि यदि हमले के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो सरदार सेना आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Chandauli News: सरदार सेना के संस्थापक रमाशंकर सिंह पटेल ने शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर मारपीट की घटना में घायल समाजवादी पार्टी (सपा) महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक महिला के साथ इस प्रकार की बर्बरता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।
जिला अस्पताल में भर्ती गार्गी सिंह पटेल से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली। बातचीत के बाद उन्होंने बताया कि गार्गी पटेल के सिर और आंखों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता ने जो घटना का विवरण बताया, वह बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला है।
रमाशंकर सिंह पटेल ने इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वाईके राय से भी मुलाकात की और निर्देश दिया कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा पीड़िता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उनकी पहले ही पुलिस अधीक्षक चंदौली से फोन पर बातचीत हो चुकी थी। शनिवार को भी उन्होंने मामले में चर्चा की, जिस पर पुलिस प्रशासन की ओर से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा करने वालों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलेगा।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में किसी प्रकार के दबाव में आकर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो सरदार सेना आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। घटना को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात कर रहे हैं।