चंदौली। जिले में निर्यात को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को एक होटल में क्षमता निर्माण निर्यात संवर्धन कार्यक्रम के तहत उद्यमियों को प्रोत्साहित किया गया। विदेश व्यापार महानिदेशालय वाणिज्य, उद्योग विभाग भारत सरकार, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) और जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र की ओर से यह आयोजन किया। जिला उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त डॉ. बनवारी लाल ने उद्योग निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं और उत्तर प्रदेश निर्यात नीति के लाभ के बारे में जानकारी दी। जिले में नए उद्यम स्थापित करने और उनके लाभ के बारे में चर्चा करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया। फियो के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने निर्यात संबंधित सुविधाओं से अवगत कराया, निर्यात प्रक्रिया, दस्तावेज, कस्टम प्रोसीजर व निर्यात संबंधित सुविधाओं के बारे में बताया व उनके सवालों के जवाब भी दिए। आलोक ने यह भी बताया कि यूरोप, इंग्लैंड, कनाडा से फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के अंतिम चरण पर बात की जा रही है जिससे निर्यातकों को नए अवसर व बाजार तलाशने में मदद मिलेगी, इन एग्रीमेंट से निर्यातकों के लिए नए वैश्विक बाजार खुल जाएंगे। जिले का कुल निर्यात लगभग 281 करोड़ रुपये रहा है। यह 2023 में बढ़कर 351 करोड़ रुपये हो गया। कार्यकम में 50 से अधिक उद्यमियों और निर्यातकों ने भाग लिया। इस मौके पर विदेश व्यापार के आईटीएस संयुक्त महानिदेशक आरके सोनी, एमएसएमई के सहायक निदेशक राजेश चौधरी, रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन फेज-1 के उद्यमी मौजूद रहे ।