पीडीडीयू नगर। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर में चल रहा चेकिंग अभियान दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। जीआरपी व आरपीएफ के जवानों ने डॉग स्क्वायड के साथ स्थानीय रेलवे स्टेेशन परिसर में जांच पड़ताल की। टीम ने सभी प्लेटफार्मों, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल, वाहन स्टैंड आदि स्थानों की सघन पड़ताल की। इसके लिए सुरक्षा बलों को एलर्ट किया गया है।
एलर्ट को देखते हुए सुरक्षा बलों की टीम स्थानीय रेलवे स्टेशन पर लगातार चेकिग अभियान चला रही है। जीआरपी निरीक्षक आरके सिंह के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल, डॉग स्क्वायड की टीम ने आठों प्लेटफार्म, वेटिंग रूम, फुटओवर ब्रिज, पीएचबी हाल, आरक्षण काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन स्टैंड पर खड़े वाहनों, पार्सल घर में पड़े सामान,विभिन्न बैकों के एटीएम आदि की जांच पड़ताल की। इस दौरान यात्रियों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर इसकी सूचना सुरक्षा बलों को देने को कहा। साथ ही लावारिस हाल में पड़ी किसी वस्तु को हाथ न लगाने और संदिग्ध व्यक्ति और समान की सूचना सुरक्षा अधिकारियों या रेल कर्मचारियों को देने की अपील की गई। सुरक्षाकर्मियों ने स्टेेशन पर आने वालों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क अवश्य रूप से पहनने को कहा। जीआरपी निरीक्षक ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए प्रतिदिन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।