चंदौली। मुख्यालय स्थित पालीटेक्निक कालेज में सोमवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसमें अव्वल आने वाले मेधावियों को गोल्ड मेडल व डिग्री का वितरण किया गया। वहीं छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों को अपनी प्रतिभाएं दिखाई। इस दौरान विधायक साधन सिंह ने कहा केंद्र व प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयासरत है। विद्यालय, कालेज व विश्वविद्यालयों के विकास के लिए पर्याप्त मात्रा में फंड दे रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की सीख दी। कहा सरकार स्वच्छ भारत अभियान चला रही है। सरकार की इस मुहिम से लोगों को बाहरी के साथ ही आंतरिक स्वच्छता का संकल्प लेना चाहिए। हम सभी को सामाजिक बुराईयों को दूर करने में अपना योगदान देना होगा। तभी अभियान को सफलता मिलेगी। वहीं सिविल इंजीनियरिंग के तौहीद रहमान, इलेक्ट्रिकल के महावीर प्रसाद, इलेक्ट्रानिक्स की निशा यादव, मैकेनिकल इंजीनियरिंग की आकांक्षा सिंह, कृषि इंजीनियरिंग के आकाश पांडेय, पीजीडीसीए के भानू कुमार गौतम को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके पूर्व छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया। इसके बाद एक से बढ़कर एक गीत व नृत्य की प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति की सभी ने सराहना की। प्रधानाचार्य महेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता टीएन पाठक, मुहम्मद मुनीर, नागेंद्र सिंह, अजय कुमार सिंह, राजेश प्रसाद, पवन कुमार उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- राकेश चंद्र यादव