Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Chandauli News ›   After the protest, a proposal of 2.9 billion for a permanent bridge, approval still not received

Chandauli News: आंदोलन के बाद पक्के पुल के लिए 290 करोड़ का प्रस्ताव, अब तक नहीं मिली मंजूरी

Sat, 21 Nov 2026 12:39 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sat, 21 Nov 2026 12:39 AM IST
विज्ञापन
After the protest, a proposal of 2.9 billion for a permanent bridge, approval still not received
धानापुर। जिले के चोचकपुर और नगवां के बीच गंगा पर पक्का पुल बनने का लोग पिछले एक दशक से इंतजार कर रहे हैं। इसके लिए 10 साल पहले आंदोलन हुआ था। पांच वर्ष पहले विधानसभा चुनाव के दौरान अमरवीर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पक्का पुल निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद लगातार सर्वे आदि होते रहे। इस वर्ष अगस्त में सेतु निगम ने 290 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा। हालांकि, अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में लोगों को एक बार फिर पीपा पुल के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

जिले के धानापुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग गाजीपुर आते-जाते हैं। इसके लिए लोग नगवां और चोचकपुर के बीच गंगा नदी पार करते हैं। एक दशक पहले स्थानीय लोगों ने दोनों गांवों के बीच पुल निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया था। इसके लिए धानापुर विकास मंच का गठन हुआ। मंच की मांग पर 25 अक्तूबर 2017 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंदौली में आयोजित जनसभा में नगवां-चोचकपुर के बीच पीपा पुल की वैकल्पिक व्यवस्था करने की घोषणा की थी। इसके बाद 15 जनवरी 2018 को तत्कालीन सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पीपा पुल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही आवागमन शुरू हो गया। इससे क्षेत्र के लोगों की राह तो आसान हुई, लेकिन यहां पक्का पुल नहीं बन सका।
विज्ञापन

हर वर्ष नवंबर से 15 जून तक पीपा पुल पर आवागमन होता है
बाढ़ के खतरे को देखते हुए 15 जून को इसे हटा दिया जाता है। ऐसे में 16 जून से नवंबर तक लोगों को फिर नाव के सहारे गंगा पार करनी पड़ती है। पिछले चुनाव में अमरवीर इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां पक्का पुल बनाने की घोषणा की थी। इसके बावजूद क्षेत्र के लोग निर्माण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। सेतु निगम ने सर्वे कराने के बाद अगस्त 2026 में 290 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इसके बाद से लोग मंजूरी मिलने की राह देख रहे हैं। हालांकि अभी तक इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है।
विज्ञापन
विज्ञापन


गंगा नदी पर नगवां-चोचकपुर के बीच बनने वाले पुल का सर्वे कर लिया गया है। मिट्टी सहित अन्य तकनीकी जांच भी कराई जा चुकी है। 290 करोड़ रुपये की परियोजना का निर्माण नाबार्ड के वित्तीय सहयोग से प्रस्तावित है। फिलहाल शासन की मंजूरी का इंतजार है। पुल निर्माण के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलने की पूरी उम्मीद है। - आरके रावत, अधिशासी अभियंता, सेतु निगम, चंदौली

पक्का पुल बनने से बढ़ेगा धानापुर का व्यापार
धानापुर के लोगों का व्यापार गाजीपुर से बड़े पैमाने पर होता है। गाजीपुर के नंदगंज और जंगीपुर से व्यापारी सब्जियां लाकर यहां बेचते हैं। पुल नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कत होती है। नंदगंज और जंगीपुर धानापुर से पुल के रास्ते मात्र 15 किलोमीटर दूर हैं। पुल के अभाव में लोगों को जमानियां और सैदपुर के पक्के पुल से होकर आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में यह दूरी बढ़कर करीब 60 किलोमीटर हो जाती है। वहीं, गाजीपुर से वाराणसी की दूरी भी 60 किलोमीटर से अधिक है। पुल बनने पर लोग गाजीपुर से धानापुर होते हुए बलुआ पुल के रास्ते वाराणसी जा सकेंगे। इससे दूरी करीब 20 किलोमीटर कम हो जाएगी।

रात में भी हो सकेगा आवागमन
पक्का पुल नहीं होने और पीपा पुल बंद होने पर लोगों के पास नाव का सहारा रह जाता है। हालांकि, नाव भी रात में नहीं चलती है। ऐसे में लोग रात में वापस नहीं आ पाते हैं। पक्का पुल बनने के बाद लोगों को पूरी रात आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इन गांवों को होगा सीधा फायदा
नगवां और चोचकपुर के बीच पक्का पुल बनने से धानापुर, सरकारी कोहना, रायपुर, आमदपुर, बड़ौरा, नरौली, रसूलपुर, तोरवा, शहीदगांव, गुरेहू, बुद्धपुर, हिंगुतरगढ़, सीतापोखरी, दिया, शाहेपुर, जगदीशपुर, कुसुम्ही, नेगुरा और ओदरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को सीधा फायदा होगा।

लोग बोले
चोचकपुर-नगवां के बीच पक्का पुल का निर्माण पूरे क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद लोगों को उम्मीद थी कि जल्द निर्माण शुरू होगा। सरकार को इस मांग पर गंभीरता दिखाते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिल सके।
रिजवान खान, ग्रामीण

चोचकपुर-नगवां पक्का पुल केवल एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जरूरत है। वर्षों से लोग इस पुल की मांग कर रहे हैं। चुनाव के समय घोषणा हुई, लेकिन अभी तक लोगों को इसका लाभ नहीं मिला। पुल बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
रामधनी यादव, ग्रामीण

चोचकपुर-नगवां के बीच पक्का पुल नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। बरसात में आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। पक्का पुल बनने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।

तुफैल खान, ग्रामीण

चोचकपुर-नगवां पक्का पुल क्षेत्र की वर्षों पुरानी जरूरत है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद अब तक निर्माण शुरू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। दिसंबर के तीसरे सप्ताह में जनहित के इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा। हमारा उद्देश्य पुल निर्माण की मांग को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना है।
गोविंद उपाध्याय, संयोजक, धानापुर विकास मंच
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed