पीडीडीयू नगर। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्टिंग कालेज रायपुर में तीन से सात जनवरी तक आयोजित नेशनल किक बाक्सिंग चैंपियनशिप में चंदौली के खिलाड़ियों ने तीन गोल्ड सहित नौ पदक हासिल किए हैं। मंगलवार की देर शाम देहरादून एक्सप्रेस से नगर में पहुंचने पर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर नगरवासियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया। प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए 75 किग्रा भार वर्ग में किशन सिंह, 45 किग्रा में अजय प्रसाद और 47 किग्रा में पवन कुमार ने गोल्ड मेडल हासिल किए। इसी तरह 65 किग्रा में गुड्डू सैनी ने सिल्वर मेडल हासिल किया जबकि अनंत, अंकित शर्मा, हर्षित कौर, आकांक्षा वर्मा और आदित्य को ब्रांच मेडल मिला। टीम के कोच शमशेर अहमद पप्पू और पिंटू चौहान रहे। खिलाड़ी मंगलवार को देर शाम देहरादून एक्सप्रेस से यहां पहुंचे। ट्रेन से उतरते ही प्रशंसकों ने फूल माला से खिलाड़ियों का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में शेरपुर सरिया प्रधान सुुुुभाष यादव, मुरारी, अमन दयाल, अभिनव जायसवाल, गोलू राज रहे। इसी तरह राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय कमलापुर एकौनी में कालेज के छात्र पवन कुमार के गोल्ड मेडल जीतने पर सम्मानित किया गया। कॉलेज के प्रबंधक अरविंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कॉलेज के दो खिलाड़ी पवन कुमार और चंद्रजीत यादव का चयन प्रदेश टीम में हुआ था। पवन कुमार ने फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र को पराजित कर गोल्ड हासिल किया। इस मौके पर कोच दिनकर राय, उप प्राचार्य सुभाषचंद्र यादव, रमाशंकर पांडेय, अनूप सिंह, सृष्टि, सुमन, श्यामवंती मौर्य, सुधीर, शिप्रा, राकेश, सुभाष यादव, मनोज कमार, कपिलदेव, राधेश्याम, गोविंद, अमृत रहे।