नौगढ़। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राथमिक विद्यालयों से पांच माह से 25 अध्यापकों के गायब रहने की शिकायत पर डीएम ने बीएसए भोलेंद्र प्रताप की क्लास लगाई। हिदायत दी कि मामले में उचित कार्रवाई कर उन्हें अवगत कराएं। वहीं, वन क्षेत्र में जेसीबी से खुुदाई होने पर डीएफओ मनोज खरे को फटकार लगाई। सीडीओ डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव को जिला स्तरीय टीम बनाकर सत्यापन करने और 15 दिनों में रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। नौगढ़ तहसील में सुनवाई के दौरान 40 शिकायतें आईं, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया। सभी पांच तहसीलों में आए कुल 129 प्रार्थना पत्रों में 14 का निस्तारण हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम नवनीत सिंह चहल ने नौगढ़ तहसील में जनता की फरियादें सुनीं। कस्बे के प्रदीप कुमार ने सीएचसी के चिकित्सक पर बाहर से दवा लिखने की शिकायत की। तेंदुआ के इंद्रजीत भारती ने वन विभाग द्वारा ठेके पर काम कराने और निर्धारित मजदूरी न देने की शिकायत की। आरोप लगाया कि वन विभाग सुरक्षा खाई की जेसीबी से खुदवा रहा है। इस पर डीएम ने सीडीओ को जांच करने का निर्देश दिया। जसवंत सिंह यादव और बीडीसी सदस्य जय प्रकाश सिंह ने क्षेत्र के दो दर्जन प्राथमिक विद्यालयों से 25 अध्यापकों के पांच माह से गायब रहने की शिकायत की। इस पर डीएम ने बीएसए को एक हफ्ते में रिपोर्ट देने को कहा। धान क्रय केंद्रों पर स्थिति खराब होने पर डिप्टी आरएमओ को फटकार लगाई। इस मौके पर एसडीएम दीप्ति देव, तहसीलदार आनंद कनौजिया, बीडीओ अरविंद यादव, सीएचएस के सीएमएस डॉ. अवधेश पटेल, सहायक वन संरक्षक कुंज मोहन वर्मा रहे। चकिया में 25 प्रार्थना पत्रों में चार का निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसडीएम दीप्तिदेव, सीओ कुंवर प्रभात सिंह, तहसीलदार शैलेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार प्रवीण सिंह रहे। नियामताबाद संवाददाता के अनुसार मुगलसराय तहसील में एसडीएम आनंद वर्धन ने शिकायतें सुनीं। यहां 25 प्रार्थना पत्रों में दो का निस्तारण हुआ। इस मौके पर एसडीएम न्यायिक रामसजीवन मौर्य, तहसीलदार लालता प्रसाद, बीडीओ राजन राय, बीईओ सुरेश सिंह, नायब तहसीलदार नीलम तिवारी आदि रहीं। सकलडीहा में 25 में दो और सदर तहसील में 14 में दो मामलों को निस्तारण हुआ। इस दौरान एसडीएम अभिषेक गोयल, तहसीलदार फूलचंद्र यादव, सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, नायब बृजेश कुमार रहे।