शिकारगंज। किसान सेवा सहकारी समिति, शिकारगंज में यूरिया न मिलने के कारण सोमवार को किसानों का गुस्सा उबल पड़ा। आक्रोशित किसानों ने सपा नेता राम लाल यादव के नेतृत्व में समिति के सामने जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रशासन से तत्काल समितियों पर यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की। क्षेत्र के किसान सेवा सहकारी समिति पर यूरिया उपलब्ध न होने से किसानों के आगे परेशानी खड़ी हो गई है। किसान गेहूं की फसल बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार द्वारा किसानों के लिए किए गए दावे खोखले साबित हो रहे हैं। समितियों पर यूरिया न मिलने से किसानों में मायूसी छा गई है। आरोप लगाया कि किसानों को जब यूरिया की जरूरत पड़ती है तो डाई मंगाई जाती है और जब डाई खाद की जरूरत होती है तो यूरिया मगाया जाता है। कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार किसानों के प्रति उदासीन है। यूरिया न मिलने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने जिला प्रशासन से समितियों पर शीघ्र यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वाले किसानों में गुप्तनाथ यादव, रामप्रवेश, अर्जुन बहेलिया, वकील यादव, राम सकल, राजेश, सुरेश सिंह, चंद्रजीत प्रधान, अविनाश शर्मा, रामदुलार यादव, रामा यादव, राहुल यादव, कल्लू यादव, विश्राम यादव, कमला शंकर यादव, बचाऊ यादव शामिल रहे।