Video: कंटेनर की टक्कर से कार पर पलटा यूरिया से लदा ट्रक, NH-34 पर बाधित रहा यातायात; दो लोग घायल
खुर्जा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कंटेनर कानपुर से करनाल जा रहा था। उसकी टक्कर से ट्रक व कार क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
यूपी के खुर्जा स्थित एनएच-34 पर अगवाल कट के पास शुक्रवार रात को तेज रफ्तार कंटेनर ने यूरिया के कट्टों से लदे ट्रक में टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक दाईं ओर कार पर पलट गया। इसमें ट्रक चालक व परिचालक घायल हो गए। गनीमत रही की कार में कोई मौजूद नहीं था। हादसे के दौरान करीब एक घंटे तक हाइवे पर यातायात बाधित रहा।
मेरठ के समर गार्डन निवासी शेरू ने बताया कि वह ट्रक में यूरिया के कट्टे लेकर अलीगढ़ जनपद में स्थित जट्टारी जा रहे थे। पहले 10 बजे उन्होंने बुलंदशहर ढाबा पर भोजन किया। इसके बाद 11 बजे आगे के लिए रवाना हुए। जब खुर्जा में अगवाल कट के पास पहुंचे तो वह हॉर्न बजाते हुए और डिप्पर देते हुए अंदर मोड़ रहे थे।
तभी अलीगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाईं ओर से टक्कर मारी, जिसमें ट्रक दाईं ओर पलट गया। वहीं मोड़ पर खड़ी कार पर ट्रक गिर गया। गनीमत रही की कार में कोई मौजूद नहीं था। हादसे में शेरू और उनके साथी गुड्डू घायल हो गए। वहीं राहगीरों ने हादसे की सूचा पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में ट्रक में भरे यूरिया के कट्टे सड़क पर बिखर गए। इससे पूर हाइवे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हाइवे किनारे किया और कट्टों को भी हटवाया। करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू रूप से चालू किया गया। शेरू ने बताया कि उनके सिर व कंधे में गुम चोट थी और गुड्डू के पैर में थी। शनिवार दोपहर को उपचार के बाद वह वापस मेरठ चले गए।
खुर्जा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कंटेनर कानपुर से करनाल जा रहा था। उसकी टक्कर से ट्रक व कार क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।