कैमरे में कैद हुई 16 लाख की चोरी: ज्वेलरी शॉप से 18 चेन ले उड़ी महिला, 100 ग्राम था उनका वजन, देखें Video
सोमवार को प्रेम ज्वेलर्स से एक महिला ग्राहक बनकर 100 ग्राम (16 लाख रुपये) सोने की चेन चुराकर फरार हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
नगर के व्यस्त बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक महिला ग्राहक बनकर ज्वेलरी शोरूम में दाखिल हुई और झांसा देकर करीब 100 ग्राम सोने की चेन से भरा बॉक्स अपने कपड़ों में छिपाकर फरार हो गई। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेटे के साथ आई थी महिला
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित 'प्रेम ज्वेलर्स' के स्वामी ललित लोधी ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला अपने बेटे के साथ दुकान पर आई थी। उसने दुकानदार से सोने की चैन दिखाने को कहा। जब ललित अन्य सामान दिखाने में व्यस्त हुए, तभी महिला ने बड़ी चालाकी से काउंटर पर रखा चैन का एक डिब्बा उठाकर अपने सूट में दबा लिया। इसके बाद वह बिना कुछ खरीदे वहां से रफूचक्कर हो गई।
16 लाख रुपये है आभूषणों की कीमत
दुकानदार के मुताबिक, गायब हुए बॉक्स में सोने की 18 चैन थीं, जिनका कुल वजन 100 ग्राम से अधिक है। वर्तमान बाजार दर के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत 16 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। देर शाम जब सामान का मिलान किया गया, तब चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर महिला की करतूत साफ नजर आई, जिसमें वह बॉक्स को कपड़ों में छिपाती दिख रही है।
पुलिस कर रही तलाश
वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रितेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.