विश्वकप जीतने वाली टीम के गेंदबाज रवि कुमार के गांव में मना जश्र
डिबाई/बुलंदशहर। अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम में शामिल गेंदबाज रवि कुमार के उम्दा प्रदर्शन की जैसे ही जानकारी मिली ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने मिठाई बांटकर खुशियां मनाई। रवि डिबाई क्षेत्र के गांव उमरारा के रहने वाले हैं।
रवि कुमार अंडर-19 क्रिकेट टीम में गेंदबाज है। रवि कुमार की घातक गेंदबाजी के चलते टीम विश्वकप जीतने में सफल रही। गांव उमरारा निवासी रवि कुमार के बाबा कांति प्रसाद ने बताया कि रवि के पिता राजेंद्र सिंह सीआरपीएफ ओडिशा में तैनात थे। तीन दिन पूर्व उनकी पोस्टिंग अलीगढ़ में हुई है। सीआरपीएफ में जॉब के चलते 10 साल से परिवार अलीगढ़ में रह रहा है। वहीं रवि पला-बढ़ा है और क्रिकेट का प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने कहा कि पोते को विश्वकप में प्रतिभाग करते देखना अच्छा लगा। उम्मीद है वह जल्द टीम इंडिया में भी जगह बनाने में कामयाब रहेगा। इस दौरान रवि की बुआ कमलेश देवी, कविरंजन मधुकर, योगेश, वीरपाल, पुष्पेंद्र, मृदुभाषी धूम सिंह, रिशु, विकास, मुकुल और चंद्रवती देवी आदि ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।