{"_id":"6a44cdf935861595aa09ef13","slug":"gas-cylinder-leak-causes-fire-in-secunderabad-and-three-people-injured-2026-07-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP: रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से आग भड़की, तीन लोग झुलसे; बुलंदशहर में सूझबूझ से बच गई कई जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से आग भड़की, तीन लोग झुलसे; बुलंदशहर में सूझबूझ से बच गई कई जान
Wed, 01 Jul 2026 01:53 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, सिकंदराबाद (बुलंदशहर)
अमर उजाला नेटवर्क, सिकंदराबाद (बुलंदशहर)
Published by: अनुज कुमार
Updated Wed, 01 Jul 2026 01:53 PM IST
सार
बुलंदशहर के सिकंदराबाद में आज गैस सिलिंडर से रिसाव के कारण घर में आग लग गई। हादसे में एक युवक और दो महिलाएं झुलस गईं। परिजनों और पड़ोसियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
सिकंदराबाद में गैस सिलेंडर रिसाव से लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नगर के मोहल्ला पक्का बाग में बुधवार सुबह करीब 9:15 बजे गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण अचानक आग लग गई, जिससे एक युवक और दो महिलाएं झुलस गईं। हादसे से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
मोहल्ला पक्का बाग में किराये के मकान में रहने वाले भगवान दास ने बताया कि उनकी पत्नी कविता (35) रसोई में खाना बना रही थीं। उसी दौरान उनका पुत्र दीपांशु (22) और नितिशा भी पास में मौजूद थे। अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव होने पर आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने आसपास मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
विज्ञापन
आग से कविता और दीपांशु गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि नितिशा के पैर भी झुलस गए। घर में मौजूद पालतू कुत्ता भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। भगवान दास ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बंद कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
बताया गया है कि भगवान दास एक होटल पर मजदूरी का कार्य करते हैं। वह मूल रूप से सिकंदराबाद के मोहल्ला झांसिया वाड़ा के निवासी हैं और वर्तमान में पक्का बाग क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे हैं। परिवार में पांच सदस्य हैं और हादसे के समय सभी घर पर मौजूद थे।
घटना की सूचना फैलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस एवं प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।