{"_id":"6827d9243ed8b24ea7041b38","slug":"canter-full-of-workers-lost-control-and-collided-with-a-truck-in-bulandshahr-five-dead-2025-05-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP Accident : बुलंदशहर में अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराया मजदूरों से भरा कैंटर, पांच की मौत; 29 घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP Accident : बुलंदशहर में अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराया मजदूरों से भरा कैंटर, पांच की मौत; 29 घायल
Sat, 17 May 2025 06:02 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर/जहांगीराबाद
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर/जहांगीराबाद
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 17 May 2025 06:02 AM IST
सार
भीषण हादसे में कैंटर चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई। 29 लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : ANI
विस्तार
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव रौंडा में शुक्रवार तड़के करीब चार बजे मजदूरों से भरा एक कैंटर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया। भीषण हादसे में कैंटर चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई। 29 लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
मृतकों में मां-बेटे समेत शाहजहांपुर के तीन मजदूर, हरदोई के एक मजदूर का बच्चा और हरियाणा के सिरसा निवासी कैंटर चालक शामिल है। पुलिस की प्राथमिक जांच में हादसे की वजह चालक की नींद बताई जा रही है।
विज्ञापन
बताया गया कि पंजाब के मोड़ा भट्टी में ईंट भट्ठों पर काम करने वाले करीब 90 से 100 मजदूर तीन कैंटरों में सवार होकर हरदोई और शाहजहांपुर स्थित अपने-अपने गांव जा रहे थे। एक कैंटर को हरियाणा के जनपद सिरसा के गांव नटार निवासी सुनील कुमार (32) चला रहे थे।
विज्ञापन
उसमें चालक समेत कुल 34 लोग सवार थे। दो कैंटर उनसे काफी आगे चल रहे थे। सुनील जब जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में गांव रौंडा स्थित किसान इंटर कालेज के निकट पहुंचे तो तेज रफ्तार की वजह से कैंटर स्पीड ब्रेकर पर चढ़ते ही अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराया।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कैंटर के केबिन के परखच्चे उड़ गए। चालक सुनील कुमार और उसमें सवार रवि (25) और उनकी पड़ोसी शिवदेवी उर्फ धनदेवी (60) निवासी गांव मियांपुर थाना सिंधौली जनपद शाहजहांपुर की मौके पर ही मौत हो गई। 31 लोग घायल हो गए।
मौके पर तत्काल आसपास के लोगों के साथ थाना पुलिस भी पहुंच गई। सभी घायलों को एंबुलेंस व अन्य वाहनों के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डीएम श्रुति, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और एसपी देहात डॉ तेजवीर सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल पूछा और चिकित्सकों को बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए।
गंभीर रूप से घायल 27 लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। घायल नीलम और आशीष समेत चार लोगों का उपचार बुलंदशहर जिला अस्पताल में चल रहा है।
मेरठ में उपचार के दौरान बालक कृष्णा (9) निवासी गांव सुरजीपुर थाना बेठा गोकुलधाम हरदोई और रवि की मां माधुरी उर्फ नत्थी (40) निवासी मियांपुर सिंधौली शाहजहांपुर ने भी दम तोड़ दिया। मामले में मृतक रवि के साले बबलू ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
घायलों से पूछताछ और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि दुर्घटनास्थल पर एक ब्रेकर बना हुआ है। जिसे पार करने के बाद आगे चल रहे ट्रक की रफ्तार धीमी हो गई होगी। पीछे से आ रहा डीसीएम कैंटर ब्रेकर पर चढ़कर अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में टकरा गया, चालक के नींद में होने की बात सामने आई है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दुर्घटनास्थल से ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
- दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी