पुलिस-प्रशासन ने ली शांति समिति की बैठक
डिबाई/खुर्जा। अयोध्या स्थित रामजन्म भूमि व बाबरी मस्जिद मामले में कोर्ट का निर्णय आने से पहले पुलिस-प्रशासन ने दोनों समुदायों के साथ अलग-अलग बैठक की। एसडीएम संजय कुमार सिंह व सीओ विक्रम सिंह ने कहा कि निर्णय पर कोई भी व्यक्ति गलत संदेश का आदान-प्रदान न करे और न ही माहौल खराब करने की कोशिश करे। कोतवाली निरीक्षक अखिलेश गौड़ ने बताया कि नगर में धारा 144 लगी है। चार लोग एक साथ एकत्रित न हों। इस दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, नमन राठी, कौशल गोयल, तेजपाल पंडा, चंद्रप्रभा गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे। वहीं कोतवाली खुर्जा में भी शांति समिति की बैठक हुई। इसमें अयोध्या फैसले को लेकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। एसडीएम सदानंद गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। एसडीएम ने कहा कि अगर कोई असामाजिक तत्व शांतिभंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोशल साइट्स पर पोस्ट लिखकर माहौल खराब करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। गलत पोस्ट लिखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। बैठक में सीओ खुर्जा गोपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार, राजीव बंसल, डॉ. केडी शर्मा, बब्बू प्रधान, रवि राणा, अनिज, अनिल चौधरी, दीपक गर्ग, केशव शर्मा, नीटू मेंबर आदि मौजूद रहे।