झोलाछाप डाक्टर का अस्पताल सीज
बुलंदशहर। नगर क्षेत्र में संचालित एक झोलाछाप डॉक्टर के अस्पताल को मंगलवार देर शाम छापेमारी के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने सीज कर दिया। आरोपी चिकित्सक मौके से भाग निकला। जबकि, उसका बेटा कंपाउंडर के रूप में वहां काम करता हुआ मिला। वह भी कार्रवाई के दौरान कोई उचित जवाब नहीं दे सका।
नगर के फैसलाबाद में मोहम्मद सलीम का मकान है। मकान के निचले हिस्से में वह चिकित्सालय चला रहे थे। जबकि, ऊपरी हिस्से में अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया गया कि फर्जी तरीके से चिकित्सालय संचालन की जानकारी होने पर सिटी मजिस्ट्रेट विवेक मिश्रा ने मंगलवार रात को मौके पर पहुंच कर छापेमारी की। इस दौरान आरोपी चिकित्सक मौके से भाग निकला। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मकान के बरामदे और एक कमरे में मरीजों को भर्ती किया गया था। जबकि, मोहम्मद सलीम का पुत्र कंपाउंडर के रूप में कार्य करता मिला। इस दौरान उससे पूछताछ की गई तो वह कोई उचित जानकारी उपलब्ध नहीं करा सका। साथ ही मौके से कोई प्रमाणित दस्तावेज भी बरामद नहीं मिले हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अस्पताल को सीज कर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले में अस्पताल संचालक से बात नहीं हो सकी।