{"_id":"603bd6918ebc3ee91e1cc126","slug":"amarnath-yatra-bulandshahr-news-gbd214589380","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमरनाथ यात्रा के लिए जांच और पंजीकरण जल्द होगा शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमरनाथ यात्रा के लिए जांच और पंजीकरण जल्द होगा शुरू
Sun, 28 Feb 2021 11:14 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
Published by: गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 28 Feb 2021 11:14 PM IST
विज्ञापन
amarnath yatra 2021
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण कश्मीर में स्थित हिंदुओं के पवित्र तीर्थ स्थल बाबा अमरनाथ की यात्रा के लिए जांच और पंजीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। जिला अस्पताल में चार चिकित्सकों का पैनल घोषित कर दिया गया है। चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मिलने के बाद शिवभक्तों को अपना यात्रा पंजीकरण कराना होगा। जो नगर के यमुनापुरम स्थित पीएनबी बैंक में होगा। वहीं, गत वर्ष कोरोना के चलते यात्रा स्थगित हो गई थी। इस बार यात्रा पर जाने के लिए शिवभक्तों ने तैयारियां शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जिले से प्रतिवर्ष हजारों शिवभक्त श्री अमरनाथ जी के दर्शन के लिए जाते है। शिवभक्तों की प्रतिवर्ष बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्री अमरनाथ साइन बोर्ड ने गत चार वर्ष पूर्व देश के समस्त प्रदेशों के जनपदों में स्वास्थ्य जांच और यात्रा पंजीकरण कराने की अनुमति दी थी। इस बार भी श्री अमरनाथ साइन बोर्ड ने अनुमति प्रदान की है। इस प्रक्रिया से शिवभक्त आसानी से अपनी प्रक्रिया करवा सकते हैं।
विज्ञापन
गत वर्ष देश के अधिकांश राज्यों द्वारा चिकित्सकों की सूची न दिए जाने के कारण श्री अमरनाथ साइन बोर्ड द्वारा प्रक्रिया को देरी से शुरू की, लेकिन कोरोना संक्रमण शुरू होने पर यात्रा के अंतिम दिन से पूर्व तक यात्रा को लेकर अटकलें चलती रहीं, बाद में यात्रा को स्थगित कर दिया गया। वहीं, इस बार मार्च के दूसरे सप्ताह से चिकित्सीय जांच शुरू हो जाएगी। इसके बाद होली से पूर्व यात्रा पंजीकरण एक मार्च से शुरू होने की संभावना है।
विज्ञापन
प्रतिवर्ष पवित्र अमरनाथ गुफा की यात्रा के लिए जाने वाले सदर तहसील क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी श्रद्धालु पप्पू सिंह, नगर निवासी वेदप्रकाश शर्मा और अशोक शर्मा ने बताया कि इस बार यात्रा एक जुलाई से पांच जुलाई के बीच शुरू होने की संभावना है। साइन बोर्ड द्वारा जल्द ही यात्रा की अवधि को लेकर निर्देश जारी किए जाएंगे। गत वर्ष 2019 की अपेक्षा इस बार शिवभक्तों की भारी भीड़ मिलने की संभावना है। इसके लिए अभी से पंजीकरण कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
गत वर्ष 500 से अधिक ने कराई थी स्वास्थ्य जांच
गत वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण शुरू होने से पूर्व जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। एक माह से अधिक समय तक चली प्रक्रिया के दौरान 500 से अधिक शिवभक्तों ने चिकित्सीय जांच कराकर स्वास्थ्य प्रमाणपत्र प्राप्त किया था। शिवभक्त रविंद्र कुमार और वीरपाल आदि ने बताया कि सभी तैयारी कर ली थी, लेकिन कोरोना के चलते गत वर्ष यात्रा स्थगित हो गई। इस बार यात्रा पर जाने के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी है।
इन चिकित्सकों को मिली जिम्मेदारी
विशेष सचिव और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक के निर्देश पर जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. एमपी सिंह, आर्थो सर्जन डॉ. अमित मौर्य, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार और ऑन ड्यूटी ईएमओ को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस प्रक्रिया के बाद मिलेगा स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
बाबा अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले शिवभक्तों को सर्वप्रथम नगर के यमुनापुरम स्थित पंजाब नेशनल बैंक से या किसी साइबर कैफे से श्री अमरनाथ साइन बोर्ड द्वारा जारी स्वास्थ्य परीक्षण हेतु आवेदन पत्र प्राप्त करना होगा। इसके बाद जिला अस्पताल में स्वास्थ्य प्रमाण पत्र के लिए अधीकृत किए गए चिकित्सकों से चिकित्सीय जांच में पास होने पर स्वास्थ्य विभाग से स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मिलेगा। इसके बाद ही शिवभक्त पुन: पीएनबी बैंक में अपनी यात्रा के लिए पंजीकरण करा सकते है। यात्रा के लिए 13 साल से लेकर 70 साल तक के यात्रियों को ही स्वास्थ्य प्रमाणपत्र मिलने के बाद यात्रा पंजीकरण होगा। जबकि गर्भवती महिलाओं और शारीरिक रूप से कमजोर लोगों के अलावा 12 साल तक के बच्चों को यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी।
डॉक्टरोें का पैनल तय
शासन के निर्देश पर अमरनाथ यात्रा के लिए जिला अस्पताल में चार चिकित्सकों का पैनल घोषित कर दिया गया है। जल्द ही शिवभक्तों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जिसके बाद यात्रा पर जाने वाले शिवभक्त प्रक्रिया पूर्ण कर स्वास्थ्य प्रमाण पत्र ले सकते हैं। - डॉ. राजीव प्रसाद, सीएमएस जिला अस्पताल
आदेश मिलते ही होंगे पंजीकरण
अमरनाथ यात्रा के लिए यात्रा पंजीकरण को लेकर अभी कोई आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। मुख्यालय से आदेश प्राप्त होने और पंजीकरण फार्म मिलने पर बैंक में जल्द ही पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यात्रा पंजीकरण से पूर्व शिवभक्तों को अपने स्वास्थ्य प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूर्ण करानी होगा। बिना स्वस्थ्य प्रमाण पत्र के यात्रा पंजीकरण नहीं होगा। - विजय गांधी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक