{"_id":"6ad9cb69a5bbc286820a83c1","slug":"young-man-killed-in-road-accident-in-budaun-2026-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"बदायूं: हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बदायूं: हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला शव
Thu, 22 Oct 2026 02:08 PM IST
Mukesh Kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Published by: Mukesh Kumar
Updated Thu, 22 Oct 2026 02:08 PM IST
सार
बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सड़क हादसे में संभल निवासी युवक की मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका क्षत-विक्षत शव सड़क पर मिला। पुलिस को पास में ही उसकी बाइक पड़ी मिली। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी है।
विज्ञापन
दीपक का फाइल फोटो
- फोटो : स्रोत- परिजन
विस्तार
बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हादसे में संभल निवासी 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह रास्ते से गुजर रही पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने सड़क पर शव पड़ा देखा। पास में ही बाइक पड़ी थी। उसका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। आशंका है कि किसी वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है। थाना पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजन के मुताबिक, युवक बाइक से अपनी ससुराल जाने के लिए निकला था।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, पीआरवी 7854 शिकारपुर से इब्राहिमपुर गढ़ी स्थित अपने निर्धारित पॉइंट पर जा रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को सड़क पर एक युवक मृत अवस्था में मिला। पास में काले रंग की होंडा स्प्लेंडर प्लस बाइक पड़ी थी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान दीपक (30) पुत्र कालीचरण निवासी गांव खेड़ा फतेहपुर, थाना जुनावई, जिला संभल के रूप में हुई।
विज्ञापन
वह बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के राजथल गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बाइक की नंबर प्लेट पर पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी। मृतक के दाहिने हाथ पर ‘राजमाला’ गुदा हुआ था। पुलिस ने शव की पहचान के बाद कार्रवाई शुरू की। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
विज्ञापन