रेल ट्रैक पर मिला घायल बच्चा: पास में पड़ा था महिला का शव, रात में रोने की आवाज सुन पहुंचे लोग तो रह गए दंग
Budaun News: आसफपुर कस्बे के नजदीक ट्रेन से कटकर एक महिला की मौत हो गई। सोमवार रात उसका शव रेल लाइन पर मिला। नजदीक में एक बच्चा घायल मिला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। उसके चेहरे पर गंभीर चोट लगी है।
विस्तार
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में आसफपुर कस्बे के नजदीक ट्रेन से कटकर एक महिला की मौत हो गई। सोमवार देर रात उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। पास में ही मासूम बच्चा घायल अवस्था में मिला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। माना जा रहा है कि घायल बच्चा महिला का ही है। आशंका है कि महिला ने आत्महत्या की है। उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
घटना सोमवार रात करीब 1:00 बजे की बताई गई है। आसफपुर कस्बे के नजदीक रेल लाइन गुजरती है। कुछ ही दूरी पर घर बने हुए हैं। रात में लोगों ने बच्चे की रोने की आवाज सुनी। उन्हें पहले लगा कि पड़ोस में किसी का बच्चा रो रहा होगा। जब बिलखने की आवाज बंद नहीं हुई तो कुछ लोग घरों से निकले और रेलवे लाइन की तरफ से गए। लोगों ने महिला का शव रेलवे लाइन पर पड़ा देखा।
दर्दनाक: बंद ताले में छिपा पांच मौतों का राज... अपनी बुनी कहानी में उलझी पुलिस; इन सवालों के नहीं मिले जवाब
शव के नजदीक में पड़ा मासूम बच्चा बिलख रहा था। उसे देख लोग दंग रह गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बालक को तुरंत जिला अस्पताल भेज दिया। उसकी उम्र करीब डेढ़ साल होगी। बच्चे के चेहरे पर चोट लगी है। होंठ और दायें तरफ का गाल सूजा हुआ है। उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने महिला के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।