Budaun News: गांव में पंचायतघर के पास लगाया आंबेडकर पार्क का बोर्ड, शिकायत पर पुलिस ने हटवाया
बदायूं जिले के गांव जजपुरा में पंचायतघर के पास खली भूमि पर कुछ लोगों ने आंबेडकर पार्क का बोर्ड लगा दिया, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर बोर्ड हटवा दिया।
विस्तार
बदायूं के उझानी क्षेत्र में पंचायतघर के पास खाली भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से पहले बोर्ड लगा दिए जाने पर पड़ोसी ग्रामीण विरोध में आ गए। वह कई ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्ष में सहमति का माहौल बना तो बोर्ड हटवा दिया गया। इसे लेकर गांव में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव जजपुरा का है। सोमवार दोपहर कोतवाली पहुंचे ग्रामीणों में सुनील, नरेश, सोनू और अनुज कुमार सिंह ने पुलिस से शिकायत की। बताया कि आंबेडकर की प्रतिमा लगाने से पहले कुछ लोगों ने पंचायत घर के पास खाली पड़ी भूमि पर बोर्ड आंबेडकर पार्क का बोर्ड लगा दिया है। उक्त लोग आंबेडकर प्रतिमा लगाने की तैयारी में हैं। ग्रामीणों ने प्रधान प्रतिनिधि की भूमका पर भी सवाल उठाया।
इसके बाद इंसपेक्टर (अपराध) गुड्डू सिंह और दरोगा रवेंद्र सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने मौका मुआयना करने के बाद दोनों पक्ष के लोगों से चयनित भूमि के बारे में जानकारी की। भूमि पर मालिकाना हक को लेकर पसोपेश के बीच पुलिस कर्मियों ने पार्क के बोर्ड को लेकर अनुमति पत्र दिखाने को कहा तो आरोपियों में से कोई भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। कोई नई परंपरा बिना अनमुति शुरू नहीं किए जाने का हवाला देते हुए पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्ष के लोगों को रजामंद कर लिया। इसके बाद पार्क का बोर्ड भी हटवा दिया गया।
पैमाइश के बाद तय होगा चयनित भूमि मालिका हक
जजपुरा गांव में जिस स्थान पर आंबेडकर पार्क का बोर्ड लगाने की शिकायत पुलिस के पास पहुंची, वह जमीन किसकी है, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है। राजस्व कर्मियों ने भूमि की पैमाइश कराने के लिए पुलिस ने अभिलेखीय कार्रवाई शुरू कर दी है। एक-दो दिन में पैमाइश के लिए राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचेंगे। इसके बाद चयनित भूमि के मालिक का पता लगेगा।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि जजपुरा गांव के एक व्यक्ति ने पंचायत घर के पास की भूमि पर आंबेडकर पार्क के नाम से बोर्ड लगाए जाने की शिकायत की थी। मौके पर जांच को पहुंचे पुलिसकर्मियों को देख लोगों ने खुद ही बोर्ड हटा लिया। भूमि की पैमाइश भी कराएंगे। अगर किसी ने नई परंपरा डालने की कोशिश की तो कार्रवाई होगी।