बदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र में सत्र जुलाई 2025 में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अगस्त कर दी गई है। इससे पहले यह तिथि 31 जुलाई तक थी।
केंद्र समन्वयक डॉ. संजीव राठौर ने बताया है कि इच्छुक छात्र-छात्राएं इग्नू की वेबसाइट www.ignou.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं । बताया कि इग्नू अध्ययन केंद्र से बीए, बीकॉम में प्रवेश हो रहे हैं। साथ ही हिंदी, लोक प्रशासन, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान में एमए व एम कॉम और ग्राम विकास में स्नातकोत्तर डिप्लोमा जैसे पाठ्यक्रम में भी प्रवेश ले सकते हैं।
इग्नू अध्ययन केंद्र का निरीक्षण करने के बाद बैठक करते हुए अलीगढ़ क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने बताया कि जल्द ही इस अध्ययन केंद्र से अंग्रेजी, शिक्षाशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र आदि विषयों से एमए करने की सुविधा दी जाएगी। वहीं योगा से डिग्री और डिप्लोमा के कोर्स भी होंगे। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय अध्ययन केंद्र पर अन्य पांच जनपदों के अध्ययन केंद्रों को संबद्ध किया गया है। साथ ही यहां पर पाठ्यक्रमों को बढ़ाकर 17 से 33 किया जाएगा।