बदायूं। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से शुक्रवार को शेखूपुर स्थित शाखा में स्वयं सहायता समूह केंद्रित क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप निदेशक कृषि मनोज कुमार और मंडल प्रमुख रंजीत कुमार ने किया। उन्होंने प्रधानमंत्री फार्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग इंटरप्राइजेज, कृषि अवसंरचना कोष जैसी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। अग्रणी जिला प्रबंधक डॉ. रीकेश रंजन ने बताया कि जनपद की सभी शाखाओं से 97 आवेदनों पर 27.89 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए। इनमें 15 आवेदन स्वयं सहायता समूहों के रहे। जिन पर 90 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। वहीं, कृषि क्षेत्र से जुड़े 48 आवेदनों पर 2.85 करोड़ रुपये के ऋण दिए गए। कार्यक्रम में पीएनबी के शाखा प्रबंधक रविंद्र नंदलाल, उमेश शर्मा, अश्वनी सिंह, राहुल राठौर, पवन कुमार समेत अन्य बैंक अधिकारी मौजूद रहे। संवाद