Budaun News: प्रेम प्रसंग के चलते हुई थी कासगंज की महिला की हत्या, पुलिस ने आरोपी प्रेमी को भेजा जेल
सिकंदरपुर वैश्य इलाके की ज्योति जिस युवक के लिए अपनी दुधमुंही बच्ची को छोड़कर बदायूं आई थी, उसी ने उसकी जान ले ली। पुलिस ने उसकी हत्या का खुलासा कर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
बदायूं के बिनावर इलाके में हुई कासगंज की महिला की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते मोहम्मदी गांव के ही सज्जन उर्फ मारुति देवल ने की थी। महिला अपना घर बार छोड़कर उसके गांव आ गई थी, लेकिन हत्यारोपी उसे रखने को तैयार नहीं था। इससे उसने महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बृहस्पतिवार को एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि 13 फरवरी को बिनावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदी और पुठी के बीच एक सरसों के खेत में महिला का शव पड़ा मिला था। उसके नजदीक में एक मोबाइल और आधार कार्ड पड़ा मिला था, जिससे उसकी पहचान कासगंज के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव नगला रघी निवासी ज्योति वघेल पत्नी सतीश वघेल के रूप में हुई थी।
मोबाइल से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पोस्टमार्टम में उसकी मौत सिर में चोट लगने से बताई गई थी। इसकी जांच के लिए बिनावर इंस्पेक्टर अजब सिंह और एसओजी इंचार्ज धर्वेंद्र कुमार को लगाया था। छानबीन के दौरान पता चला कि महिला के मोबाइल पर बिनावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदी निवासी सज्जन उर्फ मारुति देवल की कई बार बात हुई। पुलिस ने सज्जन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि महिला उससे शादी करना चाहती थी लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। वह उससे जिद कर रही थी। इससे उसने महिला की हत्या कर दी और शव को सरसों के खेत में छोड़कर भाग गया। पुलिस ने सज्जन को जेल भेज दिया है। खुलासे के दौरान एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा, सीओ सिटी आलोक मिश्रा मौजूद रहे।
काट दिए थे सिर के बाल, कई जगह मारा था ब्लेड
आरोपी सज्जन ने महिला की हत्या बड़ी निर्दयतापूर्वक की। वह महिला को बहाने से खेत में बुलाकर ले गया। पहले अंगोछा से उसका मुंह बांधा। फिर सिर में सरिया से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में ब्लेड से उसके सिर के बाल काट दिए। उसके चेहरे और सीने पर कई जगह ब्लेड से हमला किया, जिससे उसके खून निकल आया। उसका खून निकलने से ही कुत्ते उसके शरीर का काफी मांस नोचकर खा गए थे।