फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   crime

हाईवे पर गल्ला व्यापारी से साढ़े पांच लाख लूटे

Wed, 06 Apr 2022 01:30 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Wed, 06 Apr 2022 01:30 AM IST
विज्ञापन
crime
पीड़ित गल्ला व्यापारी धर्मेंद्र गुप्ता। संवाद - फोटो : BADAUN
बदायूं। फैजगंज बेहटा इलाके में मंगलवार सुबह मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर गल्ला व्यापारी से साढ़े पांच लाख रुपये लूट लिए। व्यापारी सुबह अपनी आढ़त खोलने पहुंचे थे, जैसे ही वह बाइक खड़ी करके आगे बढ़े कि बदमाशों ने उनके ऊपर तमंचा तान दिया और थैला लूटकर चंदौसी की ओर भाग गए। थैले में साढ़े पांच लाख रुपये थे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन

फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ादास निवासी धर्मेंद्र गुप्ता बड़े गल्ला व्यापारी हैं। उनकी मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे परमानंदपुर गांव में गल्ले की आढ़त है। वह सुबह करीब नौ बजे बाइक से आढ़त पहुंचे। व्यापारी के मुताबिक उन्होंने आढ़त के सामने बाइक खड़ी की और तख्त पर अखबार रखने के लिए आगे बढे़। उनकी बाइक में दो थैले टंगे थे। एक थैले में साढ़े पांच लाख रुपये थे। जबकि दूसरे में आढ़त की चाबियां और कुछ और सामान था। इसी दौरान दो बदमाश पहुंचे। उनमें से एक ने नजदीक आकर उनके ऊपर तमंचा तान दिया और उनसे थैला लूट लिया। उन्हें गोली मारने की भी धमकी दी। इधर, दूसरा बदमाश बाइक स्टार्ट किए खड़ा रहा। लूट के बाद दोनों बदमाश चंदौसी की ओर फरार हो गए।
विज्ञापन

जानकारी पाकर फैजगंज बेहटा एसओ और सीओ बिसौली शक्ति सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराई लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बाद में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह और एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा भी पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

-
गल्ला व्यापारी अपनी आढ़त पहुंचे थे। तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उनसे रुपये लूट लिए। थाने और एसओजी टीम को लगाया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी
---
पूरी तैयारी से आए थे बाइक सवार बदमाश, मिनटों में की वारदात
बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बाइक सवार बदमाशों ने जिस तरह लूट की वारदात को अंजाम दिया, उससे यह माना जा रहा है कि बदमाश पूरी तैयारी से आए थे, उन्हें अच्छी तरह पता था कि गल्ला व्यापारी किस समय आते हैं और कैसे रंग के थैले में धनराशि रखते हैं। यही वजह रही कि उन्हें लूटपाट करने में ज्यादा वक्त नहीं लगा और कुछ ही मिनटों में साढ़े पांच लाख रुपये लूटकर भाग गए।
मंगलवार सुबह व्यापारी से लूट को पहुंचे बदमाश चेहरे पर मास्क लगाए थे। उनकी उम्र करीब 25 से 30 साल थी। बाइक लाल रंग की थी। भुक्तभोगी गल्ला व्यापारी धर्मेंद्र गुप्ता के मुताबिक उनकी आढ़त पर अखबार आता है। आढ़त के बाहर एक तख्त पड़ा है। इस पर उनके ग्राहक बैठे रहते हैं। उन्हें बाइक से उतरकर तख्त तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। वह अखबार उठाकर सीधे हुए ही थे कि तब तक एक बदमाश तेजी से आया और उसने तमंचा तान दिया। उसी ने वहां रखा वही बैग अपने कब्जे में किया, जिसमें धनराशि रखी थी। व्यापारी के मुताबिक उन्होंने इससे पहले कभी इस कदकाठी के युवकों को नहीं देखा था लेकिन जिस अंदाज में उन्होंने घटना को अंजाम दिया उससे साफ था कि वे उनकी रोजाना की गतिविधि से वाकिफ थे।
इधर पुलिस का अनुमान है कि बदमाश खेड़ादास और परमानंदपुर गांव के बीच कहीं व्यापारी के पीछे लगे। अधिकारियों ने लूट के खुलासे के लिए एसओजी को भी लगाया है। एसओजी और थाना पुलिस आढ़त के आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। फिलहाल बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है।
-
छोटे बाजारों के गल्ला व्यापारी बदमाशों के निशाने पर, पुलिस पस्त
बदायूं। जिले में ताबड़तोड़ लूट और दूसरी वारदात कर बदमाशों ने पुलिस को सीधी चुनौती दे रखी है। खासतौर पर आढ़तों व छोटे बाजारों के गल्ला व्यापारी उनके निशाने पर हैं जहां गांवों के संपर्क मार्गों से फरार होना ज्यादा आसान होता है। पांच महीने पहले ही वजीरगंज में युवा गल्ला व्यापारी की लूट के दौरान हत्या भी की जा चुकी है।
19 अक्तूबर 2021 को वजीरगंज कस्बे में बाइक सवार बदमाशों ने गल्ला व्यापारी शिवम वार्ष्णेय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कस्बे के मोहल्ला होली चौक निवासी शिवम वार्ष्णेय और उनके भाई विष्णु सुबह बघौल रोड पर पल्ली बिछाकर गल्ला खरीद रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश धान बेचने के बहाने उनके पास पहुंचे थे। उन्होंने एक ट्रॉली धान बेचने को कहा था। उस संबंध में बातचीत करके वह चले गए। कुछ देर बाद दो और साथियों के साथ आए और व्यापारी से रुपयों से भरा थैला लूटने की कोशिश की। शिवम वार्ष्णेय ने विरोध किया तो उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और रुपये लूटकर भाग गए थे। इस लूट का पुलिस खुलासा कर चुकी है। इसमें वजीरगंज कस्बे के ही लुटेरे निकले थे। इस समय वे जेल में हैं। इनके अलावा बिसौली व अन्य क्षेत्रों में भी फड़ व आढ़त पर गल्ला खरीदने वाले व्यापारियों के साथ इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।

-
पुलिस की सख्ती भी बेअसर
बदायूं। शासन के निर्देशानुसार इस समय पुलिस लगातार गश्त कर रही है, आला अफसर भी पैदल मार्च कर रहे हैं पर घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा।
कुछ दिन पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दातागंज रोड पर मां-बेटे से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए गए थे तो बिनावर थाना क्षेत्र में एक बैंक कर्मचारी की बाइक लूटी गई थी। हालांकि बैंक मैनेजर ने बाद में इसे चोरी का मामला बताया था।
इसी क्रम में उघैती इलाके में देवर भाभी से जेवर और नकदी लूटी गई तो अब फैजगंज बेहटा इलाके में गल्ला व्यापारी से साढ़े पांच लाख रुपये लूट लिए गए। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed