ठंड का सितम जारी: डीएम का आदेश, जिले में छह जनवरी तक कक्षा आठ तक के स्कूलों में रहेगा अवकाश
Bijnor Weather : बिजनौर जिले में ठंड को देखते हुए डीएम ने छह जनवरी तक स्कूलों में अवकाश रहने के आदेश दे दिए हैं। इस बीच जिले के सभी कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में अवकाश रहेगा।
विस्तार
यूपी के बिजनौर जिले में कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में छह जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। बीएसए जयकरन यादव ने बताया कि डीएम के निर्देशानुसार अत्यधिक ठंड, कोहरा होने के चलते जिला के समस्त सहायता प्राप्त, समस्त मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्डों द्वारा संचालित कक्षा एक से आठ तक के समस्त विद्यालयों में तीन जनवरी से छह जनवरी 2024 तक अवकाश घोषित किया गया है।
शीतलहर और कोहरे की चपेट में जिला, छूट रही कंपकंपी
पहाड़ की बर्फवारी का जिले के मौसम पर भी सीधा असर पड़ रहा है। शीतलहर चलने से गलन भरी सर्दी लोगों को सता रही है। उधर 7.8 डिग्री न्यूनतम पारे के साथ रात बेहद ठंडी रही। दिन के तापमान में मामूली इजाफा भी सर्दी के असर को कम नहीं कर पाया।
मंगलवार को पिछले दिनों की तरह सवेरे कोहरा छाया रहा। दोपहर एक बजे तक भी कोहरा छाया हुआ था। जिसने वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी। कोहरे के चलते लोगों के कामकाज पर भी असर पड़ा।
मंगलवार को दिन का तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर में 11 बजे तक धूप निकल आने की वजह से अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। लेकिन यह मामूली बढ़ोतरी ठंड से निजात नहीं दिला सकी। दिन भर लोग शीतलहर की वजह से ठंड में कांपते रहे। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। शहर से लेकर गांव देहात तक लोग अलाव तापते देखे गए। अलाव के पास बैठकर केवल कुछ ही देर के लिए ठंड दूर हो रही है। अलाव के पास से हटते ही ठंड सताने लगती है।
यह भी पढ़ें: Hit And Run Law: दूसरे दिन भी हड़ताल जारी, पेट्रोल पंप पर लगी लंबी कतारें, बढ़ सकती हैं किल्लतें
ठंड का असर बाजारों में भी साफ देखने को मिल रहा है। दोपहर में धूप निकली तो बाजारों में कुछ रौनक लौटी, लेकिन शाम 6:00 बजते ही फिर से कोहरे की धुंध छा गई और बाजारों में सन्नाटा हो गया। रात के तापमान में गिरावट जारी रही। रात का तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री बना हुआ था। मौसम विज्ञानी अभी अगले कई दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें: रिश्ते शर्मसार: पत्नी ने खुद लिखी पटकथा, प्रेमी के दोस्तों को एक लाख की सुपारी दी, फिर सामने कराई पति की हत्या